{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 Haryana News: हरियाणा में पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़, गैंगस्टर सुक्खा को लगी गोली

 
 

Haryana News: हरियाणा के रोहतक में गैंगस्टर दिनेश उर्फ गोगा की मर्डर मामले में मुख्य सूत्रधार और बाबा गैंग के मुख्य सरगना के साथ CIA-1 टीम की देर रात मुठभेड़ हो गई। शिमली बालंद लिंक रोड पर हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गैंगस्टर को काबू कर लिया।

पुलिस मुठभेड़ में घायल गैंगस्टर की पहचान रिटोली निवासी 25 वर्षीय साहिल उर्फ सुक्खा पुत्र बिजेंद्र के रुप में हुई है जो बाबा गैंग का अहम सदस्य है। वहीं दिल्ली बाईपास पर 16 फरवरी की रात को फायरिंग के दौरान मारे गए बाबा गैंग के सदस्य दिनेश उर्फ गोगा की मुखबरी करने का मुख्य सूत्रधार है।
 
पुलिस टीम पर किया सीधा फायर
CIA-1 टीम को साहिल उर्फ सुक्खा शिमली बालंद के लिंक रोड पर घूमने की गुप्त सूचना मिली थी। CIA टीम कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही बदमाश ने सीधा गोली चला दी।

इस दौरान CIA टीम में शामिल SI सत्यवान को गोली लगी लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने की वजह से सत्यवान की जान बच गई। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की तो बदमाश के पैर में गोली लगी जिससे वह घायल होकर गिर गया। पुलिस ने आरोपी को काबू कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया।

मुठभेड़ में दोनों तरफ से हुए 7 राउंड फायर
मुठभेड़ के दौरान बदमाश साहिल की ओर से 3 राउंड फायर किए गए। वहीं पुलिस ने जवाबी कार्ऱवाई करते हुए 4 राउंड फायर किए। दोनों तरफ से कुल 7 राउंड फायर किए गए, जिसके बाद बदमाश के पैर में गोली लगी।

दिनेश उर्फ गोगा को दिया था धोखा
बाबा गैंग के मुख्य सरगना साहिल उर्फ सुक्खा ने अपनी ही गैंग के सदस्य दिनेश उर्फ गोगा को धोखा दिया था। साहिल उर्फ सुक्खा फायरिंग के दौरान दिनेश उर्फ गोगा के साथ था और उसकी मुखबरी हिमांशु भाऊ गैंग को दी थी, जिसके बाद दिनेश उर्फ गोगा को गोलियों से छलनी किया गया था।


पुलिस मामले में जांच कर रही, घायल की खंगाल रहे आपराधिक रिकॉर्ड
ASP YVR शशि शेखर ने बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि फायरिंग मामले का आरोपी शिमली बालंद लिंक रोड पर घूम रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायर किया, जिसके बाद आरोपी के पैर में गोली लगी।

ASP YVR शशि शेखर ने बताया कि आरोपी ने एसआई सत्यवान पर भी फायर किया था, लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट पहनने के कारण एसआई की जान बच गई। आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है। जल्द ही इस मामले में अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।