{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 Haryana News: हरियाणा पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दोनों शूटरों के पैर में लगी गोली

 
 

Haryana News: हरियाणा के सोनीपत में पहल न्यूट्रिशन शो-रूम पर फायरिंग करने वाले शूटरों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार शाम करनाल STF ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा है।

पुलिस को देखते ही अपराधियों ने गोलियां चलानी शुरु कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों शूटरों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उन्हें मौके पर ही काबू कर लिया। मुठभेड़ के दौरान 2 पिस्टल बरामद की। पुलिस ने घायल शूटरों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल
STF के DSP अमन कुमार ने  बताया कि 27 फरवरी को सोनीपत में पहल न्यूट्रिशन के बाहर फायरिंग की थी। वारदात के बाद सोशल मीडिया पर आरोपियों ने वीडियो वायरल कर दिया था। 

आरोपियों ने एक-दो अन्य स्थानों पर भी फायरिंग की थी। मंगलवार को STF इंचार्ज दीपेंद्र राणा की टीम को शूटरों के करनाल में होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस  टीम ने तुरंत प्लान बनाकर घेराबंदी कर दी।


पुलिस टीम पर की सीधी फायरिंग
STF की टीम ने दोनों शूटरों को पकड़ने की कोशिश की तो आरोपियों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरु कर दी। इस दौरान दो पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी जिसके बाद उन्हें काबू कर लिया।

दो पिस्टल बरामद, अस्पताल में कराया भर्ती
 पुलिस ने मौके की तलाशी कर दो अवैध पिस्टल बरामद की। घायल आरोपियों  सिविल अस्पताल करनाल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।