Haryana News: हरियाणा की 10 नहरों का होगा पुनर्निर्माण, सिंचाई मंत्री ने बताई पूरी टाइमलाइन
Haryana News: हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने सदन में बताया कि असंध विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाने की योजना बनाई है।
असंध विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जयसिंह पुरा, मलिकपुर, दुपेड़ी, फफड़ाना, सालवन, कुडलन, उपलाना, गंगाटेहड़ी, पोपड़ा, दनोली और अरड़ाना के आसपास स्थित उक्त नहरों/रजवाहों के पुनर्निर्माण करने का प्रस्ताव सरकार के विचाराधीन है।
श्रीमती श्रुति चौधरी ने कहा कि परियोजना के लिए विश्व बैंक से वित्तीय वर्ष 2026–27 में फंड मिलने की संभावना है। इसके बाद 10 नहरों के पुनर्निर्माण व मरम्मत का काम शुरू होगा। यह काम अगले 3 वर्षों में पूरा होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि सरकार का यह प्रयास क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ किसानों की जल संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करेगा।
सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने सदन में बताया राज्य में पक्की नहरों के रि-मॉडलिंग व पुनर्निर्माण के लिए नहर का कम से कम 20 वर्ष पुराना होना अनिवार्य है और 75 प्रतिशत से अधिक क्षतिग्रस्त होना चाहिए। ऐसे मामलों में जल उपयोगकर्ता संघों को पुनर्निर्माण कार्य की कुल लागत का 1 प्रतिशत योगदान देना अनिवार्य है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष परिस्थितियों में 15 वर्ष से अधिक पुराने खालों जो 75 प्रतिशत से अधिक क्षतिग्रस्त हो उन पर भी पुनर्निर्माण के लिए विचार किया जा सकता है। ऐसे मामलों में जल उपयोगकर्ता संघों को पुनर्निर्माण कार्य की कुल लागत का 25 प्रतिशत योगदान देना अनिवार्य है।
मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने यह जानकारी विधायक जस्सी पेटवाड़ व विधायक रणधीर पनिहार के सवाल का जवाब देते हुए दी।
हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने कहा कि सरकार ने रोटेशनल प्रोग्राम के तहत राज्य में नहरों में पानी की सप्लाई की व्यवस्था की है। हर नहर के अंतिम छोर तक पानी पहुंचे इसके लिए समय-समय पर मरम्मत और सफाई का काम किया जाता है।
हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब दे रही थी।
उन्होंने कहा कि आदमपुर विधानसभा क्षेत्र की बालक माइनर, राणा डिस्ट्रीब्यूटरी, बुड़क सब माइनर, बंदाहेड़ी सब माइनर, कबीर माइनर, बालसमंद माइनर में पानी सही तरीके से पहुंच रहा है।
मंत्री ने बताया कि आदमपुर हलके में बसरा सब माइनर नंबर-2 के अंतिम छोर पर पानी की कमी है सरकार ने पहले इसके मुख्य स्त्रोत बालसमंद सब माइनर की मरम्मत का निर्णय लिया है। कार्य पूरा होने के बाद चैनल के अंतिम छोर तक पानी पहुंच जाएगा।