{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana : मनीषा का अंतिम संस्कार कल, CBI को सौंपी जाएगी जांच; इस शर्त पर माने परिजन

 
Haryana : हरियाणा में भिवानी की शिक्षिका मनीषा का अंतिम संस्कार कल किया जाएगा। मनीषा के परिजनों ने कहा कि हमारी मांगें पूरी हो गई हैं। हम बेटी का अंतिम संस्कार करना चाहते हैं। किसान नेता सुरेश कोथ ने कहा कि कल सुबह 8 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा। सोमवार देर रात से चल रहा ढाणी लक्ष्मण का धरना बुधवार शाम को समाप्त हो गया है। अब वीरवार सुबह आठ बजे पैतृक गांव ढाणी लक्ष्मण में  मनीषा का अंतिम संस्कार होगा। 

AIIMS से लाया जा रहा शव 

मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली एम्स से परिजन मनीषा के शव को लेकर वापस लेकर लौट रहे हैं। हरियाणा सरकार द्वारा परिजनों की मांगें माने जाने के बाद अब परिजनों ने अपना  रुख नरम कर लिया है। CM नायब सिंह सैनी ने खुद सोशल मीडिया पर CBI से जांच और एम्स में पोस्टमार्टम की पुष्टि की थी। 

बताया जा रहा है कि इसके बाद मनीषा के शव को दिल्ली एम्स में चिकित्सकों के बोर्ड ने करीब दो घंटे तक एग्जाम्नि किया। इसके बाद करीब शाम छह बजे परिजन शव एम्स से लेकर वापस लौट रहे हैं। गांव ढाणी लक्ष्मण में ग्रामीणों द्वारा लगाया गया पक्का मोर्चा भी अब खत्म हो चुका है।

जानें पूरा मामला

आपको बता दें कि भिवानी जिले की टीचर मनीषा की संदिग्ध मौत ने प्रदेशभर में आक्रोश खड़ा कर दिया। मनीषा का शव 16 अगस्त को मिला था, जिसके बाद से ग्रामीण और परिजन लगातार न्याय की मांग पर अड़े रहे। परिवार ने आरोप लगाया कि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हो रही और अपराधियों को बचाया जा रहा है। पुलिस ने कहा था कि मनीषा ने सुसाइड किया है। वहीं परिजनों का आरोप था कि हत्या की गई है।

2 बार हो चुका पोस्टमार्टम

परिजनों की मांग पर पहले भिवानी और फिर रोहतक पीजीआई में पोस्टमॉर्टम कराया गया, लेकिन संदेह दूर न होने पर तीसरी बार दिल्ली एम्स में पोस्टमॉर्टम हुआ। शव को कई दिनों तक गांव में न ले जाकर अस्पताल और दिल्ली ले जाया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन किया और बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे। स्थिति बिगड़ने की आशंका में प्रशासन ने इंटरनेट सेवाएं बंद कर दीं और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया।