{"vars":{"id": "128336:4984"}}

  हरियाणा बागवानी नर्सरी एक्ट नर्सरियों में गुणवत्ता मानकों को करेगा सुनिश्चित: डीएचओ देवीलाल

 

भिवानी, 10 जुलाई। राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, बागवानी को प्रोत्साहित करने और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए निरंतर दूरदर्शी और किसान हितैषी नीतियां लागू कर रही है। राज्य सरकार की ओर से हरियाणा बागवानी नर्सरी एक्ट-2025 को लागू किया गया है, जिसका उद्देश्य फलों, फूलों, सब्जियों, औषधीय पौधों व अन्य बागवानी फसलों के उच्च गुणवत्ता वाले पौधे किसानों और उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराना है।
डीएचओ देवीलाल ने बताया कि हरियाणा हॉर्टिकल्चर नर्सरी अधिनियम, 2025 तथा हरियाणा हॉर्टिकल्चर नर्सरी नियम, 2026 को प्रदेश में लागू कर दिया गया है। यह अधिनियम 8 जुलाई 2025 से प्रभावी है, जबकि इसके तहत बनाए गए नियमों को 30 जून 2026 को हरियाणा राजपत्र (असाधारण) में अधिसूचित किया गया है। इन प्रावधानों का उद्देश्य किसानों एवं आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, रोगमुक्त एवं प्रमाणित पौध सामग्री उपलब्ध कराना तथा नर्सरी व्यवसाय को व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाना है।
उन्होंने बताया कि नए अधिनियम एवं नियमों के अनुसार प्रदेश में संचालित सभी फल, फूल एवं सजावटी पौधों की नर्सरियों का पंजीकरण एवं लाइसेंस अनिवार्य होगा। बिना लाइसेंस किसी भी प्रकार की नर्सरी का संचालन नहीं किया जा सकेगा। साथ ही प्रत्येक नर्सरी संचालक को विभाग द्वारा निर्धारित मानकों का पालन करना होगा।
उन्होंने बताया कि नर्सरियों में तैयार की जाने वाली पौध सामग्री पूर्णतः: स्वस्थ, गुणवत्तायुक्त एवं रोगमुक्त होनी चाहिए। किसी भी प्रकार के संक्रमित पौधों अथवा पौध सामग्री का विक्रय प्रतिबंधित रहेगा। इन नियमों के लागू होने से किसानों को बेहतर गुणवत्ता के पौधे उपलब्ध होंगे, जिससे बागवानी क्षेत्र में उत्पादन एवं गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा और रोगों के प्रसार पर भी प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।
जिला उद्यान अधिकारी ने सभी नर्सरी संचालकों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों का नियमानुसार पंजीकरण कराकर आवश्यक लाइसेंस प्राप्त करें तथा विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था प्रदेश में बागवानी क्षेत्र को अधिक संगठित, पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।