{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana: हरियाणा में हॉकी खिलाड़ी सविता पूनिया को पद्म श्री, परिवार और प्रदेश में खुशी की लहर

 
Haryana News: भारतीय महिला हॉकी टीम की अनुभवी खिलाड़ी सविता पूनिया को पद्म श्री पुरस्कार मिलने की घोषणा के बाद उनके परिवार और पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है। सिरसा की रहने वाली सविता को यह सम्मान खेल जगत में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जा रहा है। परिवारजनों ने इसे गर्व का क्षण बताते हुए सरकार का आभार जताया है।

सविता पूनिया के पिता महेंद्र सिंह ने कहा कि उनकी बेटी ने न सिर्फ परिवार, बल्कि हरियाणा और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि बेटी को पद्म श्री जैसा प्रतिष्ठित सम्मान मिलना उनके लिए बेहद खुशी और गर्व की बात है। महेंद्र सिंह ने केंद्र सरकार और खेल प्रशासन का धन्यवाद करते हुए कहा कि सविता की मेहनत और लगन को आज राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने भी सविता पूनिया का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्वारा हॉकी खिलाड़ी सविता पूनिया को पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाना सिरसा और पूरे हरियाणा के लिए गौरव की बात है। मंत्री ने कहा कि सविता जैसी बेटियां प्रदेश की प्रेरणा हैं, जिन्होंने खेल के मैदान में देश का परचम लहराया है।

विपुल गोयल ने यह भी कहा कि हरियाणा सरकार ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के साथ-साथ खेलों में भाग लेने वाली बेटियों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष योजनाएं ला रही है। इन योजनाओं का ही परिणाम है कि आज हरियाणा की बेटियां खेलों में शानदार प्रदर्शन कर रही हैं और देश-विदेश में प्रदेश का नाम गौरवान्वित कर रही हैं।