Haryana: हरियाणा के इन गांवों को स्वास्थ्य मंत्री का बड़ा ऐलान, 10-10 लाख रुपए देने की घोषणा
प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्यों को मूर्त रूप दिया जा रहा है। खेड़ी व खातीवास गांव उनके अपने गांव हैं दोनों गांवों से उनका पारिवारिक रिश्ता है,जब भी मदद की जरूरत पड़ी,यहां के लोगों ने दिल खोलकर मदद की है,दोनों गांवों के विकास के मामले कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने खातीवास व खेड़ी गांवों के विकास के लिए दस-दस लाख रुपए देने की घोषणा की।
कैबिनेट मंत्री आरती सिंह राव शनिवार को निकटवर्ती गांव खातीवास में दादा सिराज वाला मंदिर में आयोजित अभिनंदन समारोह में ग्रामीण सभा को संबोधित कर रही थीं। कार्यक्रम में पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री का ग्राम पंचायत ने फूल मालाओं व पुष्पहार से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि खेड़ी खातीवास गांवों के ग्रामीणों ने जो मान सम्मान दिया है वे कभी नहीं भूल पाएंगी। चूंकि इन गांवों से मेरा वर्षों पुराना पारिवारिक जुड़ाव भी है। आप सभी के सहयोग व आर्शीवाद से मुझे अटेली से विधायक और राज्य सरकार में बतौर कैबिनेट मंत्री बनकर प्रदेश की सेवा करने का मौका मिला है।
उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों ने विकास के मामले में इस क्षेत्र की निरन्तर अनदेखी की। लेकिन वर्तमान केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा विकास कार्यों को निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार की सोच है कि प्रदेश में एक समान विकास को बढ़ावा दिया जाए, जिसके चलते सरकार जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्य करवा रही है।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत खेड़ी व खातीवास की तरफ से जो मांग पत्र मिला है, उनमें अधिकांश मांगों को पूरा कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पानी निकासी के लिए जो पाइप लाइन का काम है, उसको जल्द से जल्द पूरा करवाया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि उनके लिए यह सौभाग्य की बात है कि उन्हें इस क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। क्षेत्र के लोग किसी भी जनहित के कार्यों को लेकर उनसे कभी भी मिल सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी अस्पतालों में सरकार की तरफ से एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन, एमआरआई आदि मशीनें और एक्सपर्ट स्टाफ लगाया गया है। आयुष्मान योजना के तहत भी लोगों को अच्छा लाभ मिल रहा है। सरकार सभी क्षेत्रों और वर्गों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को गति प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। लोगों को बेहतर इलाज, दवाइयों की उपलब्धता और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिलें, यह सरकार की प्राथमिकता है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं,जिनका आमजन को पूरा लाभ मिल रहा है।
उन्होंने आमजन से सरकार की योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला परिषद के चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों के उत्थान के लिए जिला परिषद झज्जर भी पूरा सहयोग करेगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मिकी ने कैबिनेट मंत्री का झज्जर पहुंचने पर स्वागत किया। उन्होंने आमजन से सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में यह गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद
इस अवसर पर गांव खातीवास सरपंच सुशीला देवी, भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष सोमवती जाखड़, अमित जून, समाजसेवी रमेश कुमार, संस्कारम ग्रुप के चेयरमैन डॉ महिपाल यादव, पूर्व कुलपति जेपी यादव, रेवाड़ी जिला परिषद के चेयरमैन मनोज यादव,अनिल रायपुर, विकास बडख़ोदा, झज्जर यादव महासभा के अध्यक्ष रामौतार यादव, मार्किट कमेटी झज्जर के चेयरमैन सतबीर यादव, अजय पटौदा, जहाजगढ़ के सरपंच प्रतिनिधि उदय सिंह, पलड़ा के सरपंच रामनिवास, एक्स सर्विस मेन लीग के जिला अध्यक्ष सूबेदार सुरेंद्र सिंह यादव के अलावा जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसीपी शमशेर सिंह, दिनेश कुमार, सिविल सर्जन डॉ. मंजू कादयान, आयुष अधिकारी डॉ. पवन देशवाल, डॉ. बिजेंद्र गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।