Haryana: हरियाणा के फेमस भैंसे 'युवराज' का निधन, जीत चुका था असंख्य पुरस्कार
Oct 27, 2025, 12:50 IST
Haryana News: हरियाणा में कुरुक्षेत्र जिले के कर्मवीर सिंह के प्रसिद्ध भैंसे ‘युवराज’ का आज निधन हो गया। मुर्रा नस्ल का यह भैंसा अपने जीवनकाल में विभिन्न राज्यों में आयोजित पशु मेलों में असंख्य पुरस्कार जीत चुका था। जहाँ भी युवराज जाता, उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ती थी। राष्ट्रीय भैंस अनुसंधान केंद्र के परिसर में उसका आदमकद स्टैच्यू भी मौजूद है।
युवराज की सालाना कमाई और उपलब्धियाँ
युवराज की कद-काठी अद्भुत थी। वह लगभग 1500 किलो वजनी, 9 फीट लंबा और 6 फीट ऊंचा था। अपने सीमन से उसने करीब 2 लाख कटड़े और कटड़ी पैदा किए। इसकी सालाना कमाई लगभग 80 लाख रुपए बताई जाती थी। कई बार इसे खरीदने के प्रस्ताव आए, लेकिन मालिक कर्मवीर सिंह ने हमेशा इनकार किया।
कर्मवीर सिंह के अनुसार, मुर्रा नस्ल के इस झोटा पर हर महीने करीब 1 लाख रुपए का खर्च आता था। युवराज को रोजाना 20 लीटर दूध, 10 किलो फल, 10 किलो दाना, 6 किलो मटर और हरा चारा खिलाया जाता था। शाम को इसे 6 किलोमीटर की सैर कराई जाती थी और रोजाना तेल से मालिश की जाती थी, ताकि उसका शरीर चमकदार और मजबूत बना रहे।