{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 Haryana: हरियाणा की हवा ‘खतरे’ के निशान पर, छह शहर रेड जोन में पहुंचे

 

Haryana Weather: मौसम में बदलाव के साथ ही हरियाणा में हवा की गुणवत्ता लगातार बिगड़ रही है। सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) खतरनाक स्तर तक पहुंच गया। वहीं, ठंड भी दस्तक दे चुकी है और महेंद्रगढ़ की रात प्रदेश में सबसे ठंडी रही।

बहादुरगढ़ में हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित

सोमवार को हरियाणा में बहादुरगढ़ का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 387 दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे खराब स्तर पर रहा। यह “बहुत खराब” श्रेणी में आता है। इसके अलावा फतेहाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, पानीपत और सोनीपत जैसे शहरों में भी प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा है।

कुल छह जिले ऐसे हैं जहां AQI 300 से 400 के बीच रिकॉर्ड किया गया, जबकि आठ शहरों में AQI 200 से 300 के बीच रहा। विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ते प्रदूषण का मुख्य कारण खेतों में पराली जलाना, वाहनों का धुआं और मौसम में बदलाव है।

महेंद्रगढ़ में पारा गिरा, तापमान 14 डिग्री तक पहुंचा

प्रदेश में ठंड ने भी दस्तक दे दी है। महेंद्रगढ़ की रात सबसे ठंडी रही, जहां न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के तापमान में हल्की गिरावट के साथ सुबह-शाम की ठंड में बढ़ोतरी हुई है।

अगले दिनों में बदल सकता है मौसम

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष के अनुसार, 28 और 29 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के चलते मौसम परिवर्तनशील रहेगा।

इस दौरान आंशिक बादलवाई और उत्तर-पूर्वी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट और रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखी जा सकती है।

30 अक्टूबर से 2 नवंबर तक रहेगा सूखा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, 30 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच हरियाणा में मौसम सामान्य रूप से खुश्क रहेगा। इस दौरान दिन का तापमान थोड़ा बढ़ेगा, जबकि रात के तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।