{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana : हरियाणा के युवक की अमेरिका में गोली मारकर हत्या, जानें कब और कैसे हुई वारदात 

 
Haryana : हरियाणा के करनाल जिले के गांव समौरा के एक युवक की अमेरिका के जॉर्जिया में बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान चेतक शर्मा उर्फ लाखा के रूप में हुई है। जैसे ही शनिवार को युवक की मौत की खबर गांव में पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। चेतक अपने परिवार का इकलौता सहारा था और लगभग दो साल पहले बेहतर भविष्य की उम्मीद में विदेश गया था।

डंकी के रास्ते गया था अमेरिका 

मिली जानकारी के अनुसार, चेतक शर्मा साल 2024 में 'डंकी'के जरिए अमेरिका पहुंचा था। इस मुकाम तक पहुँचने के लिए उसने करीब 7 महीने का बेहद कठिन और जोखिम भरा सफर तय किया था। अमेरिका पहुंचने के बाद वह जॉर्जिया में एक गुजराती मूल के व्यक्ति के स्टोर पर बतौर स्टोरकीपर काम कर रहा था।

कमरे में घुसकर मारी गोली

बताया जा रहा है कि चेतक की उसके कमरे में ही गोली मारकर हत्या की गई है। अमेरिकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने चेतक के रूममेट को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

साथी 20 दिन पहले ही लौटा था भारत

एक हैरान करने वाली बात यह भी सामने आई है कि चेतक के साथ गांव समौरा का ही एक अन्य युवक भी वहां रहता था। वह युवक करीब 20 दिन पहले ही अमेरिका से भारत लौटा था। उसके आने के कुछ ही दिनों बाद यह दर्दनाक वारदात हो गई। गांव वालों ने बताया कि चेतक बहुत ही मिलनसार और मददगार स्वभाव का था। उसने दरड़ गांव के स्कूल से 12वीं तक की पढ़ाई की थी। विदेश में भी वह वहां फंसे भारतीयों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहता था।