{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana: पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा पर्यटन निगम 10 मार्च को करेगा ओपन मीट, इच्छुक वेंडर्स को आमंत्रण 

 
चंडीगढ़, 5 मार्च — हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और पर्यटन एवं विरासत मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा के राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने तथा पर्यटन विभाग के विश्राम स्थलों और बैंक्वेट हॉलों के माध्यम से आय बढ़ाने के विजन को साकार करने के उद्देश्य से हरियाणा पर्यटन निगम 10 मार्च 2026 को प्रातः 10 बजे अपने मुख्यालय, एससीओ 17-19, सेक्टर-17बी, चंडीगढ़ में एक ओपन मीट आयोजित करेगा।

पर्यटन विभाग के निदेशक श्री पार्थ गुप्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस ओपन मीट में हरियाणा पर्यटन के विभिन्न स्थलों, जिनमें बैंक्वेट हॉल, कन्वेंशन सेंटर और लॉन आदि शामिल हैं, को लीज़ पर संचालित करने के संबंध में इच्छुक वेंडर्स के साथ चर्चा की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस बैठक में इवेंट मैनेजमेंट कंपनियां, हॉस्पिटैलिटी ऑपरेटर्स, कैटरर्स, वेडिंग प्लानर्स तथा अन्य इच्छुक हितधारक भाग ले सकते हैं। बैठक के दौरान प्रतिभागियों से सुझाव भी आमंत्रित किए जाएंगे, ताकि इन पर्यटन स्थलों के बेहतर प्रबंधन और उपयोग के लिए प्रभावी योजना तैयार की जा सके।

श्री पार्थ गुप्ता ने बताया कि हरियाणा पर्यटन निगम वर्ष 2008 की नीति के अनुरूप इन केंद्रों को लीज़ पर देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा, जिससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ निगम की आय में भी वृद्धि होगी और नागरिकों को बेहतर स्थल व सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।