{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana: हरियाणा पुलिस के ASI को 4 साल की कैद, रिश्वत मामले में किया था गिरफ्तार 

 

हिसार/भिवानी, 5 फरवरी: भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए माननीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, भिवानी की अदालत ने रिश्वतखोरी के एक मामले में हरियाणा पुलिस के तत्कालीन एएसआई (ASI) को दोषी करार देते हुए कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई है। मामले की जानकारी देते हुए प्रवक्ता ने बताया कि 2023 में अक्टूबर माह में एक शिकायतकर्ता ने राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB), हिसार में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि थाना सदर भिवानी में तैनात ASI राजेन्द्र सिंह ने शिकायतकर्ता के भाई पर दर्ज एक मुकदमे में धाराएं कम करने के बदले 15,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

इस शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए एसीबी हिसार की टीम ने रेड की और आरोपी ASI राजेन्द्र सिंह (ASI/ESI No. 627/BWN) को शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था । इस संबंध में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हिसार में अभियोग संख्या 28, दिनांक 08-10-2023 को पीसी एक्ट 1988 की धारा 7, 13(1)b r/w 13(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था । जांच पूरी होने के बाद, ब्यूरो ने 05-12-2023 को भिवानी की माननीय अदालत में चालान पेश किया था।

दिनांक 04-02-2025 को मामले की सुनवाई करते हुए माननीय न्यायालय ने सबूतों के आधार पर आरोपी राजेन्द्र सिंह पुत्र श्री रघुराम सिंह (निवासी नजदीक रविदास मंदिर, कलानौर, जिला रोहतक) को दोषी ठहराया। अदालत ने दोषी को सजा सुनाते हुए भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की धारा 7 के तहत 3 वर्ष का कारावास और 2,000 रुपये का जुर्माना लगाया, तथा धारा 13(1)b के साथ पठित धारा 13(2) के अंतर्गत 4 वर्ष का कारावास और 3,000 रुपये के जुर्माने की सजा दी।