Haryana: हरियाणा में SYL के पानी को लेकर मिल सकती है खुशखबरी, आज इस बात पर बनी सहमति
बैठक के उपरांत हरियाणा के CM श्री नायब सिंह सैनी और पंजाब के CM श्री भगवंत मान ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर बैठक की जानकारी दी।
CM श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने "पवन गुरु पानी पिता माता धरत महत," का संदेश दिया है। यह गुरुओं की पावन धरती है और गुरुओं की शिक्षाएं आज भी हमारे लिए अनमोल रतन हैं, जो हमारे लिए मार्गदर्शक है।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह बैठक बेहद सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई है। जब बातचीत अच्छे माहौल में होती है, तो उसका परिणाम भी सार्थक निकलता है।
CM ने बताया कि दोनों राज्यों ने आपसी सहमति से यह निर्णय लिया है कि SYL से जुड़े मुद्दे पर आगे विस्तृत चर्चा के लिए सिंचाई विभाग के अधिकारियों के स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि व्यावहारिक और स्थायी समाधान की दिशा में आगे बढ़ा जा सके।
उन्होंने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप लगातार बैठकों का आयोजन किया जा रहा है और आज की बैठक भी उसी दिशा में आयोजित की गई। पहले भी केंद्रीय जल संसाधन मंत्री श्री सीआर पाटील की मध्यस्थता में बैठक हो चुकी है।
प्रेस वार्ता के दौरान पंजाब के CM श्री भगवंत मान ने कहा कि आज की बैठक बड़े ही अच्छे माहौल में हुई है और इस बात पर सहमति बनी है कि पहले दोनों राज्यों के अधिकारी मिलकर इस मसले पर बैठक करेंगे।
इस मौके पर हरियाणा के CM के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, पंजाब के मुख्य सचिव श्री के पी सिन्हा, हरियाणा सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अनुराग अग्रवाल सहित दोनों राज्यों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। इनके अलावा, दोनों राज्यों के एडवोकेट जनरल भी मौजूद रहे।