Haryana: हरियाणा में किसानों को मिल रहे आधे दाम में कृषि यंत्र, ऐसे करें आवेदन
यह जानकारी देते हुए उपकृषि निदेशक डॉ राजबीर सिंह ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत 25 प्रकार के आधुनिक कृषि यंत्रों एवं मशीनों पर अनुदान दिया जाएगा। इनमें बैटरी/बिजली/सोलर आधारित घास काटने की मशीन, सेल्फ प्रोपेल्ड मल्टीटूल मशीन, स्वचालित स्प्रे मशीन, ट्रैक्टर लोडर, ट्रैक्टर संचालित साइलेज मशीन, बैटरी व ट्रैक्टर आधारित उर्वरक छिडक़ाव मशीन, ट्रैक्टर आधारित हाइड्रोलिक गांठ बनाने की मशीन, मल्टीक्रॉप बेड प्लांटर, सब चालित धान लगाने की मशीन, फसल साफ करने का पंखा, बाजरा पिसाई मशीन, टैक्ट्रर चालित मक्का निकालने की मशीन, गोबर सुखाने व उसकी मिट््टी बनाने की मशीन, धान सूखाने की मशीन, लेजर लैंड लैवलर (कम्प्यूटर गोड़ी), रोटावेटर, ट्रैक्टर आधारित घास निकालने की मशीन तथा आलू खोदने की मशीन सहित अन्य कृषि यंत्र शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इच्छुक किसान https://agriharyana.gov.in/ पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना का लाभ लेने के लिए किसान का मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर रबी 2024 एवं खरीफ 2025 की फसल का पंजीकरण अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त आवेदक के पास ट्रैक्टर की वैध आरसी होनी चाहिए तथा एक परिवार पहचान पत्र से केवल एक ही सदस्य आवेदन कर सकता है और केवल एक ही मशीन का लाभ लिया जा सकेगा। पिछले तीन वर्षों में उसी कृषि यंत्र पर अनुदान लेने वाले किसान पात्र नहीं होंगे।
उपकृषि निदेशक ने बताया कि लाभार्थियों का चयन निर्धारित मापदंडों के अनुसार ड्रा के माध्यम से जिला स्तरीय कार्यकारी समिति द्वारा किया जाएगा। चयन के उपरांत किसान मशीन को अनुमोदित निर्माता या डीलर से खरीद सकेंगे। निर्माता/डीलर द्वारा बिल पर भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा निर्माता/डीलर द्वारा बिल दो लाख रुपये से कम मूल्य की मशीन पर एक वर्ष तथा दो लाख रुपये से अधिक मूल्य की मशीन पर दो वर्ष की वारंटी देना अनिवार्य होगा, साथ ही स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता कम से कम पांच वर्ष तक सुनिश्चित करनी होगी।