Haryana: हरियाणा के फरीदाबाद को बनाएंगे अंतरराष्ट्रीय स्तर का आधुनिक शहर, 4 अप्रैल को आएंगे मुख्यमंत्री
उन्होंने कहा कि फरीदाबाद के लोग केवल विकास ही नहीं बल्कि शहर की सुंदरता और हरियाली को लेकर भी सजग हैं। उन्होंने पूर्व में किए गए वृक्षारोपण अभियानों, टाउन पार्क के विकास, इको-वन, नमो-वन, और पार्कों के सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में टाउन पार्क के लिए स्वीकृत विकास कार्यों से और बड़े परिवर्तन देखने को मिलेंगे।
उन्होंने बताया कि बच्चों के लिए वाटर कैनाल और बोटिंग जैसी सुविधाएं शुरू करने की भी योजना है। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था में सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि कूड़ा संग्रहण, डोर-टू-डोर कलेक्शन, मैकेनाइज्ड और मैनुअल सफाई, तथा नाइट स्वीपिंग जैसी व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है और अगले कुछ महीनों में शहर में बड़ा बदलाव दिखाई देगा।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि आगामी 4 अप्रैल को सेक्टर-12 में सुबह 11 बजे माननीय मुख्यमंत्री का कार्यक्रम निर्धारित है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बजट में फरीदाबाद को अनेक महत्वपूर्ण सौगातें दी गई हैं और आगे की योजनाओं के लिए उनसे आशीर्वाद लिया जाएगा, साथ ही पहले से करवाये गए विकास कार्यों के लिए उनका धन्यवाद भी किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आग्रह किया, ताकि शहर के विकास से जुड़े मुद्दे मजबूती से रखे जा सकें।