{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana: हरियाणा में फर्जी महिला पुलिसकर्मी गिरफ्तार, पारिवारिक झगड़ा सुलझाने के नाम पर दहेज का सामान लेकर फरार

 
Haryana News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा क्षेत्र में पुलिस ने एक फर्जी महिला पुलिसकर्मी को गिरफ्तार किया है, जो पारिवारिक विवाद सुलझाने के बहाने दहेज का सामान और नकदी लेकर फरार हो गई थी। आरोपी महिला की पहचान सतविंदर कौर उर्फ सिमरन, निवासी जडौला, के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।

सोशल वर्कर बनकर करती थी ठगी

पुलिस के अनुसार, सिमरन खुद को सोशल वर्कर बताकर लोगों से संपर्क करती थी और महिला पुलिसकर्मी जैसा व्यवहार, पहनावा और हाव-भाव अपनाकर भरोसा जीतती थी। वह दसवीं पास है, लेकिन उसने अपनी पूरी पर्सनैलिटी पुलिसकर्मी की तरह ढाल रखी थी। फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है।

पारिवारिक विवाद का उठाया फायदा

लाडवा थाना पुलिस के मुताबिक, 17 जनवरी को छंदोली गांव निवासी अनिल कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके बेटे की शादी के बाद बहू के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। बहू की ओर से पुलिस में शिकायत दी गई थी, जिसके बाद मामला महिला थाने में विचाराधीन था।

इसी दौरान, थाने में जाने से पहले ही एक महिला उनके घर पहुंची और खुद को महिला थाने की पुलिसकर्मी बताया। उसने घर पर ही समझौता कराने का भरोसा दिलाया और आपसी सहमति से बहू को मायके भेजने का फैसला करवाया।

बहू और दहेज का सामान लेकर हुई फरार

समझौते के बाद आरोपी महिला ने घर से बहू का दहेज का सामान उठवाया और बहू को अपने साथ ले गई। परिवार को लगा कि मामला सुलझ गया है। लेकिन अगले दिन महिला थाने से दोबारा फोन आया, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ। जांच अधिकारी ने साफ किया कि किसी पुलिसकर्मी को उनके घर नहीं भेजा गया था।

समझौते के नाम पर लिए 5 हजार रुपये

शिकायतकर्ता के अनुसार, कथित महिला पुलिसकर्मी ने समझौता करवाने के एवज में 5 हजार रुपये भी लिए थे। बाद में न तो बहू का सामान लौटा और न ही महिला का कोई सुराग मिला।

FIR दर्ज, आरोपी रिमांड पर

लाडवा थाना प्रभारी गुरनाम सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आरोपी सिमरन को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया गया है। कोर्ट से तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है। आरोपी से 5 हजार रुपये बरामद कर लिए गए हैं, जबकि दहेज के सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।