{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana : हरियाणा में ED का बड़ा एक्शन, इस नेता की करोड़ों की संपत्ति कुर्क

 ED के अनुसार, जब्त की गई संपत्तियों में से 2.30 करोड़ रुपये की संपत्ति अकेले रण सिंह यादव की है। वहीं बाकी संपत्ति कई अन्य बिचौलियों और साजिशकर्ताओं की है। 
 
Haryana News : हरियाणा के भिवानी नगर पालिका में सरकारी धन के गबन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। कार्रवाई करते हुए ED ने भिवानी के पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष रण सिंह यादव और अन्य आरोपियों की 3.46 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की है। ED के अनुसार, जब्त की गई संपत्तियों में से 2.30 करोड़ रुपये की संपत्ति अकेले रण सिंह यादव की है। वहीं बाकी संपत्ति कई अन्य बिचौलियों और साजिशकर्ताओं की है। 

FIR के आधार पर ED का एक्शन 

बताया जा रहा है कि इस घोटाले के मास्टरमाइंड रण सिंह यादव हैं। ED ने यह कार्रवाई भिवानी पुलिस की और से दर्ज FIR के आधार पर की है। जानकारी के अनुसार भिवानी पुलिस ने नगरपालिका के अधिकारियों, एक निजी बैंक के प्रतिनिधियों और अन्य निजी व्यक्तियों के खिलाफ सरकारी फंड की हेराफेरी का मामला दर्ज किया था।

हेराफेरी किया गया यह फंड नगरपालिका को विभिन्न जन कल्याणकारी परियोजनाओं के लिए मिला था। जांच में सामने आया था कि करीब 12.97 करोड़ की सरकारी राशि को फर्जी तरीके से निजी फर्मों के खातों में ट्रांसफर किया गया था। 

नगरपालिका ने नहीं दिया था कोई आदेश

मिली जानकारी के अनुसार जांच में यह भी सामने आया कि इन फर्मों को नगरपालिका, भिवानी ने कोई कार्य आदेश जारी नहीं किया था। इसी मामले में ED ने इससे पहले विनोद गोयल और नितेश अग्रवाल नामक आरोपितों की 3.99 करोड़ की अचल संपत्तियों को भी अटैच किया था।