{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 Haryana: हरियाणा में ठेकेदार ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट बरामद 

 
Haryana News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहबाद में मिट्टी का ठेका लेने वाले एक ठेकेदार ने अपने बिजनेस पार्टनर और रिश्तेदारों से परेशान होकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की जेब से पुलिस को सुसाइड नोट और शिकायत की रसीद बरामद हुई है, जिसमें चार लोगों को आत्महत्या का जिम्मेदार बताया गया है।

मृतक की पहचान महेंद्र कुमार (56 वर्ष), निवासी डींग गांव, के रूप में हुई है। महेंद्र अपने गांव के संजीव कुमार के साथ मिट्टी के ठेके में साझेदारी कर रहे थे। परिवार के अनुसार, बीते कुछ समय से पार्टनरशिप और रिश्तेदारों के कारण वह मानसिक तनाव में थे।

23 अक्टूबर को महेंद्र घर लौटे तो अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। बेटे सूरज कुमार ने बताया कि उनके पिता ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उन्हें पहले निजी अस्पताल और फिर आदेश अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

सुसाइड नोट में आरोप

महेंद्र की जेब से पुलिस को सुसाइड नोट मिला, जिसमें उन्होंने लिखा “मैं महेंद्र कुमार पुत्र पुन्ना राम, संजीव कुमार, बलबीर सिंह (जीजा) कैलाश नगर कुरुक्षेत्र, कर्म सिंह निवासी बजीदपुर और राजवीर निवासी बुटिया की वजह से आत्महत्या कर रहा हूं।” सुसाइड नोट में महेंद्र ने अपने पार्टनर संजीव कुमार पर मिट्टी के काम में गबन का आरोप भी लगाया।

सूरज ने बताया कि वर्ष 2011-12 में उनकी बुआ सीमा देवी, पत्नी बलबीर सिंह, ने ससुराल वालों से तंग आकर आत्महत्या कर ली थी। महेंद्र ने उस समय अपने जीजा और उसके परिवार के खिलाफ FIR दर्ज करवाने की कोशिश की थी, लेकिन कथित रूप से संजीव, बलबीर, राजवीर और कर्म सिंह ने मिलकर कार्रवाई नहीं होने दी।

इसके बाद से महेंद्र मानसिक तनाव में थे और उनका इलाज करनाल और LNJP अस्पतालों में चल रहा था।