Haryana: हरियाणा के जींद में सीएम सैनी की बड़ी सौगातें, 253 करोड़ रूपये की विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री रविवार को जींद में आयोजित धन्यवाद व विकास रैली को संबोधित कर रहे थे। रैली के संयोजक हरियाणा के डिप्टी स्पीकर डॉ कृष्ण कुमार मिड्ढा ने जींद पहुंचने पर मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 253 करोड़ रूपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया।
रैली में उपस्थित भारी भीड़ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जींद की यह भूमि परिश्रम और प्रगति का संगम है। यह हरियाणा की वह धड़कन है, जहां जब किसान का पसीना मिट्टी में मिलता है, तो देश के अन्न भंडार भर जाते हैं। मैं इस वीर भूमि पर आयोजित इस धन्यवाद व विकास रैली में आए सभी बुजुर्गो, माताओं-बहनों और युवा साथियों का हार्दिक वंदन करता हूं।
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जींद को लम्बे समय से नजर अंदाज किया गया। झूठे वायदे करके आपके वोटों की फसल तो दो-दो-तीन-तीन पीढ़ियों तक काटी गई, लेकिन विकास के नाम पर कुछ नहीं किया गया। परिवारवाद की दलदल में फंसे लोग आपके बच्चों के भविष्य को लेकर संजीदा नहीं रहे। उन्होंने सिर्फ अपने बच्चों का भविष्य ही सुरक्षित किया है, लेकिन हमने इस क्षेत्र का हक सूद समेत लौटाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि जनता ने हमें लगातार तीसरी बार सेवा का अवसर दिया है, वह हमारे लिए एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। यह जनादेश हमें यह याद दिलाता है कि हमें और अधिक समर्पण के साथ काम करना है और हर उस वादे को पूरा करना है, जो हमने आपसे किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनावों के अपने संकल्प-पत्र के 217 में से 60 वादों को डेढ साल में ही पूरा कर दिखाया है। यही नहीं, 157 वादों पर काम प्रगति पर है। विधानसभा के चुनाव प्रचार का श्रीगणेश भी उन्होंने जींद की भूमि से ही किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ‘विकसित भारत 2047’ का जो विजन देशवासियों के सामने रखा है, वह केवल एक लक्ष्य नहीं, बल्कि एक जन आंदोलन है। इसमें हर नागरिक भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ‘राष्ट्र प्रथम’ की नीति पर चलते हुए हर संकट में भारतीयों के साथ खड़ी है। चाहे कोरोना काल हो, या फिर अफगानिस्तान संकट, हमेशा प्रधानमंत्री देश की जनता के साथ खड़े नजर आएं हैं। हाल ही में जो वैश्विक परिस्थितियां बनी है, उसमें भले ही विश्व में तेल के दामों में इजाफा हुआ हो, लेकिन प्रधानमंत्री ने पेट्रोलियम उत्पादों पर एक्साइज ड्यूटी घटाकर जनता को बड़ी राहत दी है। हरियाणा सरकार आमजन को तेल और गैस उपलब्ध करवा रही है। साथ ही सरकार ने कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त कदम उठाए हैं।
जींद में 2 हजार 217 करोड़ 61 लाख रुपये खर्च किए
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी नॉनस्टॉप डबल इंजन सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को जमीन पर उतारकर दिखाया है। सरकार ने हर क्षेत्र और हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं बनाई हैं और उन्हें पारदर्शिता के साथ लागू किया है। इस हलके में विकास कार्यों पर पिछले साढ़े 11 वर्षों में 2 हजार 217 करोड़ 61 लाख रुपये खर्च किए हैं। जबकि, कांग्रेस के 10 साल के शासनकाल में मात्र 380 करोड़ 97 लाख रुपये खर्च किये गये थे।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान जींद की कई बड़ी परियोजनाओं का भी मंच से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में 36 हजार युवाओं को बिना पर्ची-खर्ची के सरकारी नौकरियां दी गई हैं। इन्हें मिलाकर पिछले साढ़े 11 सालों में 1 लाख 80 हजार नौकरियां दी जा चुकी हैं। इनमें से जिला जींद के लगभग 15 हजार युवाओं को नौकरियां मिली हैं, और फिलहाल भी हरियाणा में 13500 नई नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने कहा कि जींद में विकास को रफ्तार देने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। इसी के तहत प्रदेश सरकार ने पांडू पिंडारा गांव के नजदीक 32 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से नए बस अड्डे का निर्माण करवाया, पुरानी स्वीकृत कॉलोनियों में पेयजल-सीवरेज जैसी मूलभूत सुविधाओं पर 32 करोड़ 86 लाख रुपये की राशि खर्च की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि जींद में नागरिक अस्पताल के 200 बिस्तरों के अतिरिक्त भवन का निर्माण 16 करोड़ रुपये की लागत से किया गया। साथ ही जींद-पानीपत रेलवे लाइन पर आर.यू.बी. का निर्माण 18 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से किया गया। वहीं,13 करोड़ 82 लाख रुपये की राशि से 10 एमएलडी का एसटीपी भी स्थापित किया गया। जींद-भिवानी रोड से जींद-हांसी रोड तक बाईपास का निर्माण 12 करोड़ 5 लाख रुपये की लागत से किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कहा कि जींद के सेक्टर-9 में 132 केवी सब स्टेशन की स्थापना 12 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से की गई। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में छत्रपति शिवाजी छात्रावास का निर्माण 11 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से किया गया। जींद के सेक्टर 9 में 5 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से जिमखाना क्लब बनाया गया। इसी प्रकार उन्होंने जींद जिले में सरकार द्वारा किए गए अन्य विकास कार्यों का भी विवरण दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में 10 नए आईएमटी स्थापित कर रही हैं। जिनमें से एक आईएमटी जींद में स्थापित होगी। इसकी भूमि की व्यवस्था के लिए ई-भूमि पोर्टल पर किसानों से प्रस्ताव मांगे गए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार अंत्योदय का विजन लेकर कार्य कर रही है, इसी के तहत सरकार के प्रयास है कि हर व्यक्ति के सिर पर छत्त हो। इसके लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने तीसरे कार्यकाल में भी प्रदेश के सर्वांगीण विकास और हर वर्ग के हितों की सुरक्षा के लिए अनेक ठोस कदम उठाए हैं। बहनों-बेटियों को आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ शुरू की गई है। इस योजना के तहत 2100 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है। अब तक 9 लाख 56 हजार बहन-बेटियों को 834 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। इसके अलावा गरीब महिलाओं को अपनी रसोई चलाने के लिए हर महीने केवल 500 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जा रहा है।