{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana : हरियाणा में  CM फ्लाइंग और RTA ने की बड़ी कार्रवाई, 1.61 लाख रुपये का लगाया जुर्माना

 
Haryana News:  हरियाणा के हिसार और हांसी क्षेत्र में ओवरलोडिंग के खिलाफ सीएम फ्लाइंग टीम की ओर से शनिवार को एक विशेष जांच अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (RTA) हिसार के अधिकारियों के साथ की गई, जिसमें चार ओवरलोड वाहनों पर कुल ₹1,61,000 का जुर्माना लगाया गया, जबकि दो वाहनों को मौके पर चालान राशि जमा न करने पर जब्त कर लिया गया।

इस संयुक्त जांच अभियान का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज की इंचार्ज सुनैना ने किया। उनके साथ क्षेत्रीय परिवहन निरीक्षक प्रदीप कुमार व एएसआई सुरेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।

सीएम फ्लाइंग रेंज इंचार्ज सुनैना ने बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि हिसार और हांसी क्षेत्र में कुछ कमर्शियल वाहन तय सीमा से अधिक माल भरकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने दोनों क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान हांसी क्षेत्र में एक कैंटर पर ₹26,000 और दूसरे कैंटर पर ₹35,000 का जुर्माना लगाया गया। वहीं हिसार क्षेत्र में एक ट्राले पर ₹39,000 व दूसरे बड़े ट्राले पर ₹61,000 का जुर्माना लगाया गया। कुल मिलाकर ₹1,61,000 की पेनल्टी लगाई गई और दो ओवरलोड वाहन एक ट्राला और एक कैंटर को मौके पर इम्पाउंड किया गया।

सीएम फ्लाइंग रेंज इंचार्ज सुनैना ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने वाहनों के पंजीकरण, परमिट, फिटनेस, टैक्स, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और ड्राइविंग लाइसेंस जैसे आवश्यक दस्तावेज पूरे रखें और किसी भी सूरत में ओवरलोडिंग से परहेज करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।