हरियाणा के सीएम ने गुड़गांव कैनाल/राजस्थान लिंक कैनाल के साथ 50 शैलो ट्यूबवेल लगाने की दी मंजूरी, हजारों गांवों को मिलेगा फायदा
चंडीगढ़, 12 मई - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करने तथा भूजल संसाधनों के विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री घोषणा के तहत गुड़गांव कैनाल/राजस्थान लिंक कैनाल के साथ 50 शैलो ट्यूबवेल स्थापित करने के लिए 621.90 लाख रुपये की प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की है।
सरकारी प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना “ग्राउंड वॉटर डेवलपमेंट एवं अन्य संबंधित गतिविधियां” योजना के अंतर्गत क्रियान्वित की जाएगी। परियोजना के सफल संचालन एवं निगरानी के लिए चीफ इंजीनियर/वाईडब्ल्यूएस तथा अधीक्षण अभियंता, वाईडब्ल्यूएस सर्कल फरीदाबाद के कार्यालय को नोडल एजेंसी नियुक्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि विशेष रूप से नूंह जिले के लगभग 15 से अधिक गांव लंबे समय से जलभराव की समस्या से प्रभावित हैं। इन क्षेत्रों में पानी का स्तर लगातार ऊपर रहने के कारण खेतों में पानी खड़ा रहता है, जिससे हजारों एकड़ भूमि कृषि योग्य नहीं रह पाती। किसानों को हर मौसम में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है और वे अपनी भूमि पर कोई फसल नहीं उगा पाते।
प्रवक्ता ने बताया कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए गुड़गांव कैनाल/राजस्थान लिंक कैनाल के साथ 50 शैलो ट्यूबवेल लगाए जाएंगे। इन ट्यूबवेलों के माध्यम से अतिरिक्त पानी की निकासी सुनिश्चित होगी, जिससे जलभराव की समस्या में कमी आएगी और हजारों एकड़ भूमि दोबारा खेती योग्य बन सकेगी। इससे प्रभावित गांवों के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी और वे अपनी जमीन पर पुनः खेती शुरू कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना से न केवल जलभराव की समस्या का समाधान होगा, बल्कि क्षेत्र में भूजल प्रबंधन भी बेहतर होगा तथा किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी। राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है।