उपायुक्त महेंद्र पाल की अध्यक्षता में हरियाणा मुख्यमंत्री राहत कोष एवं आयुष्मान भारत योजना की ग्रीवेंस कमेटी की बैठक आयोजित
हिसार, 20 जुलाई।
हरियाणा मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए प्राप्त मामलों की समीक्षा एवं स्वीकृति पर विचार-विमर्श हेतु उपायुक्त महेंद्र पाल की अध्यक्षता में सोमवार को एक बैठक का आयोजन किया गया है। बैठक में महापौर प्रवीण पोपली तथा जिला परिषद अध्यक्ष सोनू सिहाग डाटा भी उपस्थित थे। बैठक में उपायुक्त महेंद्र पाल ने कहा कि हरियाणा मुख्यमंत्री राहत कोष का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद नागरिकों को 26 प्रकार की गंभीर बीमारी के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। बैठक के दौरान समिति ने दो मामलों को अपनी स्वीकृति प्रदान की। यह भी अवगत करवाया गया कि 13 अन्य मामलों पर भी जरूरी कार्यवाही की जा रही है। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत कोष से संबंधित सभी मामलों का निर्धारित मानकों के अनुसार शीघ्र एवं पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर सहायता मिल सके।
इस अवसर पर आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत जिला शिकायत निवारण समिति की बैठक में प्राप्त शिकायतों एवं विभिन्न मामलों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को गुणवत्तापूर्ण एवं कैशलेस उपचार की सुविधा प्रदान करने वाली देश की प्रमुख स्वास्थ्य सुरक्षा योजना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा अस्पतालों में उपचार से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और पात्र नागरिकों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। आयुष्मान भारत योजना के तहत अभी भी बहुत से ऐसे लाभार्थीं हैं, जो सूची में दर्ज हैं लेकिन उन्होंने अपना कार्ड नहीं लिया है। ऐसे लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए 15 जुलाई से विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। कोई भी लाभार्थी इस संबंध में महाराजा अग्रसेन सिविल अस्पताल के नोडल अधिकारी डॉ मनीष से संपर्क कर सकता है।
बैठक में एसडीएम ज्योति मित्तल, सीएमजीजीए अमोल, सिविल सर्जन डॉ सपना गहलावत, उप सिविल सर्जन डॉ सुभाष खतरेजा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।