{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana : हरियाणा में CBI का बड़ा एक्शन, 11 हजार इंचार्ज और 2 HCH को नोटिस जारी; जानें क्या है मामला

प्रदेश में साल 2014 से 2016 के बीच सरकारी स्कूलों में 4 लाख फर्जी दाखिले दिखाकर 300 करोड़ रुपए का मिड-डे मील घोटाला किया गया था। अब इस मामले में CBI ने जांच शुरू कर दी है। 
 
Haryana : हरियाणा में CBI ने सरकारी स्कूलों के खिलाफ बड़ा एक्शन किया है। करोडों के मिड-डे मील घोटाले में CBI ने अपना सख्त रूख अपनाया है। आपको बता दें कि प्रदेश में साल 2014 से 2016 के बीच सरकारी स्कूलों में 4 लाख फर्जी दाखिले दिखाकर 300 करोड़ रुपए का मिड-डे मील घोटाला किया गया था। अब इस मामले में CBI ने जांच शुरू कर दी है। 

इन जिलों में खंगाला जा रहा रिकॉर्ड

मिली जानकरी के अनुसार CBI टीमों ने डेढ़ माह तक नूंह के सरकारी स्कूलों में पुराना रिकॉर्ड खंगाला। अब टीम कुछ दिन से पंचकूला, अम्बाला, कैथल, करनाल और कुरुक्षेत्र के स्कूलों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। इस दौरान मिड-डे मील इंचार्ज व शिक्षकों से भी पूछताछ की जा रही है। सीबीआई ने प्रदेशभर के करीब 11 हजार से ज्यादा मिड-डे मील इंचार्ज, सैकड़ों बीईओ, डीईईओ के अलावा 2 HCS अधिकारियों को नोटिस भी जारी किया है। 

ऐसे हुआ था खुलासा

दरअसल हाईकोर्ट के आदेश पर 2017 में विजिलेंस जांच में खुलासा हुआ कि साल 2014 से 2016 के बीच हरियाणा के करीब साढ़े 11 हजार सरकारी स्कूलों में फर्जी दाखिलों के जरिए मिड-डे मील घोटाला किया गया। हाई कोर्ट के आदेश पर साल 2019 में मामला सीबीआई को सौंपा गया था। जुलाई 2024 में CBI ने धारा 167, 218, 409, 418, 420, 477-ए, 120-बी और 13 (1) (सी), 13 (1) (डी) (2), 13(2) एव 1988 के तहत 7 नई FIR दर्ज की थी।

अब CBI जांच में सच आया सामने 

अब CBI द्वारा की गई जांच में सामने आया कि 14 जिलों के साढ़े 11 हजार स्कूलों में 4 लाख फर्जी दाखिले दिखाए गए। अम्बाला, करनाल, जींद, पानीपत, कुरुक्षेत्र, कैथल के स्कूलों में 50,687 बच्चों का रिकॉर्ड नहीं मिला। अम्बाला के 16 स्कूल खंगालने पर 6 में रिकॉर्ड नहीं था। कुरुक्षेत्र के 52 में से 17 स्कूलों के बच्चों का रिकॉर्ड गायब मिला। 302 बच्चों का नाम गैर-हाजिर की लिस्ट में दिखाया गया। हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी में जांच के दौरान 5,735 बच्चे ड्रॉप आउट दिखाए गए।