{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana: हरियाणा में फर्जी बोर्ड सर्टिफिकेट के नाम पर बड़ी ठगी, नाथूसरी चौपटा का आरोपी गिरफ्तार  

 
भट्टू कलां, 08 फरवरी। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में इकोनॉमिक सेल फतेहाबाद ने शैक्षणिक धोखाधड़ी के एक गंभीर मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को काबू किया है। आरोपी को शीघ्र ही माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।

मामले का खुलासा

इकोनॉमिक सेल फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि यह मामला परिवाद संख्या 249-HHRC दिनांक 16.12.2025 के आधार पर सामने आया। हरियाणा मानव अधिकार आयोग, चंडीगढ़ के आदेशानुसार गठित विशेष जांच टीम (SET) द्वारा की गई जांच में खुलासा हुआ कि शिकायतकर्ता के बच्चों को चेन्नई बोर्ड के नाम पर फर्जी शैक्षणिक प्रमाण पत्र उपलब्ध करवाए गए।

शिकायतकर्ता का बयान

शिकायतकर्ता दलबीर सिंह पुत्र रामकुमार, निवासी ग्राम सिरढान, तहसील एवं जिला फतेहाबाद ने बताया कि आरोपियों ने उनके पुत्र व पुत्री को 10वीं एवं अन्य कक्षाओं के फर्जी प्रमाण पत्र देकर उनसे 90,000 रुपये की ठगी की।

कानूनी कार्रवाई

विशेष जांच टीम की प्रारंभिक रिपोर्ट में आरोप सही पाए जाने पर थाना भट्टू कलां में अभियोग संख्या 10 दिनांक 20.01.2026 के तहत धारा 406, 420, 467, 468, 471 एवं 120-बी आईपीसी में मामला पंजीकृत किया गया।

आरोपी काबू

इकोनॉमिक सेल फतेहाबाद की टीम ने आरोपी मांगेराम पुत्र लीलूराम, निवासी नाथूसरी चौपटा, जिला सिरसा को काबू किया है। अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है तथा आगे की तफ्तीश नियमानुसार की जा रही है।