Haryana: हरियाणा में ACB टीम की बड़ी कार्रवाई, इस अधिकारी को ₹35,000 की रिश्वत लेते किया गिरफ्तार
शिकायत के आधार पर की गई इस कार्रवाई के दौरान आरोपी को कार्यालय सी.ई.वी. केन्द्र, घरौण्डा से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के अंतर्गत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, करनाल में मामला दर्ज किया गया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी द्वारा ऑनलाइन आवेदन/आवश्यक राशि जमा करने इत्यादि प्रक्रिया को दरकिनार कर सब्जी उत्कृष्टता केन्द्र, घरौण्डा में उगाए गए खरबूजे के 10,000 पौधों को ₹3.50 प्रति पौधा की दर से बेचने के एवज में ₹35,000 की रिश्वत की मांग की गई थी। यह राशि एक माध्यम व्यक्ति के जरिये ली जा रही थी।
हरियाणा सतर्कता ब्यूरो के करनाल रेंज के पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के प्रति ज़ीरो टॉलरेंस की नीति के तहत इस प्रकार की कार्रवाई भविष्य में भी सख्ती से जारी रहेगी। यदि कोई भी सरकारी अधिकारी/कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत मांगता है या भ्रष्टाचार का दबाव बनाता है, तो तुरंत हरियाणा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की हेल्पलाइन 1064 अथवा 1800-180-2022 पर संपर्क करें।