Haryana Assembly Monsoon Session 2025: सीएम सैनी ने विपक्ष को दिया करारा जवाब, बोले- मनीषा बेटी के नाम पर राजनीति बंद करे
Haryana Assembly Monsoon Session 2025: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भिवानी की टीचर मनीषा की डेथ मिस्ट्री को लेकर विपक्ष को कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि मनीषा बेटी के मामले पर राजनीति करना बंद करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष केवल अनावश्यक हंगामा कर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है, जबकि इस विषय पर प्रश्नकाल में सवाल पहले से ही सूचिबद्ध है और उस पर चर्चा भी होनी है।
दरअसल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कि भिवानी की बेटी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री आज यानी शुक्रवार को हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान विपक्ष द्वारा सदन की कार्यवाही में व्यवधान डालने पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे।
कांग्रेस राज में कानून-व्यवस्था की स्थिति बद से बदतर थी- मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस और वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल में जमीन आसमान का अंतर है। कांग्रेस राज में कानून-व्यवस्था की स्थिति बद से बदतर थी। उस समय तो एफआईआर तक दर्ज नहीं होती थी, जिससे पीड़ित दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर होते थे। इनके विपरीत आज तुरंत कार्रवाई की जा रही है।
विपक्ष दिखावा कर रहा-मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज विपक्ष दिखावा कर रहा है, जबकि जनता को कांग्रेस के कृत्य अच्छी तरह याद हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार सदन में कुछ युवा विधायक चुनकर आए हैं, जिन्हें शायद यह अंदाजा भी नहीं होगा कि कांग्रेस शासनकाल में प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति कितनी शर्मनाक और दयनीय थी।