{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana : हरियाणा के इस जिले में बनेगा कृषि कॉलेज, सरकार ने 45 एकड़ भूमि की दी मंजूरी 

 
Haryana : हरियाणा के यमुनानगर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। जिले के गांव किशनपुरा में कृषि कॉलेज निर्माण के लिए 45 एकड़ भूमि की मंजूरी मिल गई है। ऐसे में ग्रामीणों ने पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर का आभार व्यक्त किया। सरपंच प्रतिनिधि सचिन वालिया के नेतृत्व में ग्रामीण उनके जगाधरी स्थित कार्यालय पहुंचे।

गांव किशनपुरा की 45 एकड़ जमीन लीज पर 

पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने बताया कि हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी द्वारा हाल ही में जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्र में कृषि कॉलेज खोलने की घोषणा की गई थी। इसी घोषणा के तहत हरियाणा सरकार ने गांव किशनपुरा पंचायत की 45 एकड़ जमीन लीज पर लेने की मंजूरी प्रदान की है।

ग्रामीणों व सरपंच प्रतिनिधि सचिन वालिया ने कहा कि कृषि कॉलेज के निर्माण से क्षेत्र के युवाओं को कृषि संबंधी उच्च शिक्षा अपने ही इलाके में उपलब्ध होगी। इससे न केवल किशनपुरा बल्कि पूरे जगाधरी क्षेत्र का नाम रोशन होगा और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी भी मिलेगी।

यह कॉलेज चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के अधीन स्थापित किया जाएगा, जिससे जिला यमुनानगर सहित आसपास के जिलों के हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।