{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana : हरियाणा में 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत, महिला मित्र के साथ होटल में ठहरा था...जांच जारी 

 
Haryana : हरियाणा के गुरुग्राम से संदिग्ध परिस्थितियों में एक मौत का मामला सामने आया है। यहां एक होटल में महिला मित्र के साथ ठहरे 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, होटल के कमरे से डॉक्टर द्वारा लिखी गई दवाओं के खाली रैपर मिले है, जिससे शुरुआत में ड्रग ओवरडोज की आशंका जताई गई थी। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। 

मिली जानकारी दी कि मृतक का बेटा 12 मार्च को शादी करने वाला था और इस अचानक हुई मौत से परिवार गहरे सदमे में है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। 

महिला मित्र के साथ होटल में ठहरा था मृतक

पुलिस के अनुसार, मृतक हरियाणा के सोहना के पास एक गांव का निवासी था और एक लॉजिस्टिक्स कंपनी में ड्राइवर के रूप में कार्यरत था।  वह अपने स्कूल की एक महिला मित्र के साथ गुरुग्राम बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल में ठहरा हुआ था। दोनों होटल के कमरे में साथ रह रहे थे, तभी अचानक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई। 

महिला मित्र ने पुलिस को बताया कि व्यक्ति को अचानक सीने में तेज दर्द होने लगा। इसके बाद उसने तुरंत एंबुलेंस को फोन किया और पुलिस को भी सूचना दी। एंबुलेंस के पहुंचने के बाद व्यक्ति को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

पोस्टमार्टम में हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम अस्पताल पहुंची और बाद में होटल के कमरे का भी निरीक्षण किया. कमरे से दवाओं के खाली रैपर मिलने के बाद पुलिस ने सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू की। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से हार्ट अटैक को मौत का कारण बताया गया है. गुरुवार दोपहर शव को परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है।