{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana : हरियाणा के इस शहर में बनेंगे 51 नए सेक्टर, 17 हजार एकड़ भूमि होगी अधिग्रहण 

 
Haryana : हरियाणा के गुरुग्रामवासियों के लिए एक अछि खबर है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण 17 हजार एकड़ भूमि से गुरुग्राम में 51 नए सेक्टरों को विकसित करेगा। इससे आने वाले समय में आम लोगों को भी अपने सपनों का घर पाने का बेहतर अवसर मिलेगा। गुरुग्राम में रियल एस्टेट की उपलब्धता बढ़ाने के लिए एचएसवीपी ने शहर के 51 सेक्टरों में करीब 17000 एकड़ जमीन खरीदने की योजना बनाई है। एचएसवीपी यह जमीन ई-भूमि पोर्टल और लैंड पूलिंग पालिसी के माध्यम से चरणबद्ध तरीके से खरीदेगा। 

बताया जा रहा है कि इस संबंध में मुख्य प्रशासक की ओर से अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जमीन का पूरा विवरण ई-भूमि पोर्टल पर अपलोड किया जाए, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी रहे। पूरे हरियाणा में एचएसवीपी कुल 1.67 लाख एकड़ जमीन खरीदने की योजना बना रहा है, जिसमें से 17,000 एकड़ केवल गुरुग्राम में शामिल है। इस जमीन का डेटा चरणबद्ध तरीके से पोर्टल पर डाला जाएगा और इच्छुक जमीन मालिक सीधे प्राधिकरण से संपर्क कर सकेंगे।

सुव्यवस्थित किया जाएगा शहरी विस्तार
सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहरी विस्तार को सुव्यवस्थित करना और लोगों को किफायती दरों पर प्लाट और मकान उपलब्ध कराना है। गुरुग्राम पहले से ही रियल एस्टेट का प्रमुख केंद्र है और इस नई योजना से यहां इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी और निवेश के अवसरों में और वृद्धि होगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम से मिडिल क्लास और निवेशकों दोनों को फायदा होगा। नई कालोनियों के विकास से न केवल आवास की उपलब्धता बढ़ेगी, बल्कि रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। साथ ही, सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं में भी सुधार होगा।

पोर्टल पर आवेदन  किए आमंत्रित 
पहले चरण में गुरुग्राम के कई प्रमुख सेक्टरों जैसे 26, 36ए, 37डी, 59, 60, 61, 63, 67, 70, 76 से लेकर 113 तक में लगभग 17,300 एकड़ जमीन खरीदी जाएगी। इसके लिए 1 मार्च से 30 अप्रैल तक ई-भूमि पोर्टल पर आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। दूसरे चरण में सोहना, पटौदी और ग्वाल पहाड़ी क्षेत्रों में लगभग 5,035 एकड़ जमीन खरीदी जाएगी। इसके लिए पोर्टल एक मई से 30 जून तक खुला रहेगा।

वहीं तीसरे चरण में फरुखनगर के सेक्टर 1, 3, 4 और 5 में 1,203 एकड़ जमीन खरीदी जाएगी, जिसके लिए 1 जुलाई से 31 अगस्त तक आवेदन किए जा सकेंगे। इसके अलावा एचएसवीपी फरीदाबाद में भी 20,500 एकड़ जमीन खरीदने की योजना बना रहा है। पहले चरण में 4500 एकड़ जमीन फरीदाबाद शहर में ली जाएगी। 

अधिकारियों के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य अवैध कालोनियों को रोकना और लोगों को बेहतर व व्यवस्थित रियल एस्टेट उपलब्ध कराना है।एचएसवीपी के संपदा अधिकारी एक राकेश सैनी ने बताया कि इच्छुक जमीन मालिक ई-भूमि पोर्टल पर अपनी जमीन बेचने की जानकारी दे सकते हैं।