समाधान शिविरों के जरिए सरकार पहुंच रही सीधे आमजन तक : डॉ हनी बंसल
फरीदाबाद, 27 जुलाई।
हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किए जा रहे ‘समाधान शिविर’ आमजन के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। इसी कड़ी में आज सोमवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर का सफल आयोजन किया गया। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल ने की।
एसडीएम डॉ हनी बंसल ने बताया कि आज आयोजित समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 9 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए, शिविर में राजस्व विभाग से संबंधित 2, सीआरआईडी की 1, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की 1, रोडवेज विभाग की 1, बैंकिंग से संबंधित 1, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएनएल) की 2 तथा नगर निगम फरीदाबाद (एमसीएफ) की 1 शिकायत प्राप्त हुई।
उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव है, उनका तत्काल निस्तारण किया जाए तथा जिन मामलों में विस्तृत प्रक्रिया की आवश्यकता है, उनमें भी अनावश्यक विलंब न हो।
एसडीएम डॉ हनी बंसल ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जिन नागरिकों की पारिवारिक पहचान पत्र (पीपीपी) में जन्म तिथि का सत्यापन लंबित है अथवा जन्म तिथि से संबंधित किसी प्रकार की त्रुटि है, वे इसके सुधार एवं सत्यापन के लिए समाज कल्याण विभाग के संबंधित कार्यालय में संपर्क करें।
एसडीएम डॉ हनी बंसल ने बताया कि जिला प्रशासन हर सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक लघु सचिवालय में जनता की समस्याएं सुनकर त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने कहा कि शिकायत समाधान शिविरों में नागरिकों की भागीदारी सरकार और प्रशासन पर उनके भरोसे को दर्शाती है।
समाधान शिविर में नगर निगम जॉइंट कमिश्नर गजेंद्र सिंह, एचएचवीपी स्टेट अधिकारी प्रदीप कुमार सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।