लिटिल फिंगर्स प्ले स्कूल में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित, बच्चों के समग्र विकास पर दिया गया बल
सिरसा। लिटिल फिंगर्स प्ले स्कूल ने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए एक विशेष पहल की है। शनिवार को विद्यालय प्रांगण में डबवाली रोड स्थित स्वस्थ बचपन अस्पताल के सहयोग से एक स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के सभी विद्यार्थियों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया। शिविर के दौरान स्वस्थ बचपन अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. जतिन (एमबीबीएस, एमडी बाल रोग एवं नवजात शिशु विशेषज्ञ) और डॉ. दीपिका (एमबीबीएस, एमडी) ने अपनी चिकित्सीय टीम के साथ बच्चों के सामान्य स्वास्थ्य का निरीक्षण किया। इस दौरान बच्चों की लंबाई, भार, आंख, कान, गले और दांतों की जांच की गई। चिकित्सकों ने जांच के उपरांत अभिभावकों को बच्चों के पोषण और देखभाल से संबंधित आवश्यक परामर्श भी दिए।
विशेष रूप से बच्चों के व्यावहारिक और मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए बाल विकास विशेषज्ञ डॉ. अज़ीम को भी आमंत्रित किया गया था। डॉ. अज़ीम ने अभिभावकों का मार्गदर्शन करते हुए बच्चों के मानसिक, भावनात्मक और व्यावहारिक विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। विद्यालय के निदेशक रमनदीप सिंह ने चिकित्सीय टीम और विद्यालय कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लिटिल फिंगर्स प्ले स्कूल बच्चों की सुरक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए सदैव तत्पर है। इस प्रकार के आयोजन न केवल बच्चों को स्वस्थ रखने में सहायक होते हैं, बल्कि अभिभावकों को भी सजग बनाते हैं। विद्यालय की प्रधानाचार्या शरणजीत कौर ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन बच्चों के उज्ज्वल और स्वस्थ भविष्य के लिए भविष्य में भी ऐसे कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। इस आयोजन पर अभिभावकों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की और विद्यालय प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की।