जनसंवाद में पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने सुनीं जनसमस्याएँ, स्वर्णकार
समाज की मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का दिया आश्वासन
हिसार, 27 जुलाई। भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के
दौरान हरियाणा के पूर्व स्वास्थ्य एवं नागरिक उड्डयन मंत्री डॉ. कमल
गुप्ता ने आमजन की समस्याएँ सुनकर संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर
बातचीत की तथा उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि
भारतीय जनता पार्टी की हमेशा से यह सोच रही है कि जनता की जायज़ समस्याओं
का शीघ्र समाधान हो। प्रदेश सरकार ने भी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश
दिए हैं कि नागरिकों की समस्याओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष विनोद तोशावड़ ने
पूर्व मंत्री को ज्ञापन सौंपकर खंजाचियान बाजार का नाम बदलकर "महाराजा
अजमीढ़ जी बाजार" रखने तथा निकटवर्ती चौक का नामकरण महाराजा अजमीढ़ जी के
नाम पर करते हुए वहाँ उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग की। वहीं
स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधियों ने स्वर्णकार कला एवं कल्याण बोर्ड के
गठन तथा समाज के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान के लिए विशेष नीतियाँ लागू
करने का आग्रह किया।
डॉ. कमल गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे स्वर्णकार समाज
की सभी मांगों को विस्तारपूर्वक मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे और उनके
सकारात्मक समाधान का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर सुरेश गोयल धूप वाला, रामचन्द्र गुप्ता, विनोद तोशावड़,
धर्मवीर पानू,राजकुमार इंदौरा, अनुज जैन, प्रोमिला पुनिया, भानु सिंघल,
प्रवीण नारंग, राकेश आर्य, गोकुल आर्य, सतीश महत्ता, बलबीर बहुम्बक, ,
धर्म सिंह खटकड़ सहित स्वर्णकार समाज के अनेक प्रमुख पदाधिकारी एवं
गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।