{"vars":{"id": "128336:4984"}}

हरियाणा के पूर्व चीफ सेक्रेटरी डीके गर्ग का आग हादसे में हुआ निधन

नई दिल्ली:दिल्ली के हौज खास इलाके में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से हरियाणा के पूर्व मुख्य सचिव और पूर्व विश्व बैंक कार्यकारी निदेशक डीके गर्ग का निधन हो गया। हादसे में उनका बेटा भी घायल हो गया, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह घर के अंदर लगे एसी यूनिट में ब्लास्ट को माना जा रहा है।
 
 नई दिल्ली: दिल्ली के हौज खास इलाके में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से हरियाणा के पूर्व मुख्य सचिव और पूर्व विश्व बैंक कार्यकारी निदेशक डीके गर्ग का निधन हो गया। हादसे में उनका बेटा भी घायल हो गया, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह घर के अंदर लगे एसी यूनिट में ब्लास्ट को माना जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक रात करीब 11:18 बजे हौज खास थाने को घर में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए दमकल की दो गाड़ियां लगाई गईं। उस समय घर में परिवार के सदस्य और घरेलू सहायकों समेत कुल पांच लोग मौजूद थे।

80 वर्षीय डीके गर्ग और उनके बेटे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान डीके गर्ग ने एम्स ट्रॉमा सेंटर में दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि अब तक इस मामले में किसी साजिश के कोई संकेत नहीं मिले हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

डीके गर्ग 1967 बैच के हरियाणा कैडर के आईएएस अधिकारी थे। उन्होंने हरियाणा के मुख्य सचिव के अलावा भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) के चेयरमैन, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के चेयरमैन, दूरसंचार सचिव, जीएसटी चेयरमैन और आबकारी आयुक्त जैसे अहम पदों पर काम किया था। सेवा निवृत्ति के बाद उन्होंने विश्व बैंक में कार्यकारी निदेशक के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई। उनका मूल निवास उत्तर प्रदेश के गंगोह में था।