{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 Haryana News: हरियाणा में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का फर्जी पीए अरेस्ट, पुलिस वाले से लिए थे ट्रांसफर कराने के इतने रुपये

 

Haryana News: हरियाणा के गुरुग्राम जिले से बड़ी खबर आ रही है। यहां केंद्रीय मंत्री का पीए बनकर पुलिस कर्मचारी से ट्रांसफर करवाने के नाम पर लाखों  की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के PS नवीन कौशिक के नाम का झूठा इस्तेमाल करता था और लोगों से रूपयों की ठगी करता था। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया और उसे एक दिन के रिमांड पर ले लिया है। 

जानकारी के मुताबिक, गुरुग्राम के पुलिस थाना सैक्टर-17/18, हरियाणा पुलिस के एक कर्मचारी ने एक लिखित शिकायत दी थी। जिसमें उसने बताया कि जून-2025 में इसके एक दोस्त के माध्यम से उसकी मुलाकात सुनील नाम के एक व्यक्ति से हुई थी। इसके दोस्त ने बताया था कि सुनील की बड़े-बड़े अधिकारियों और मंत्रियों से जानकारी है। 

इसकी सुनील से मुलाकात होने के बाद आरोपी सुनील ने भी बताया कि उसकी बड़े-बड़े अधिकारियों और मंत्रियों से जानकारी है। आरोपी ने ये भी बताया कि केंद्रीय मंत्री के पीए नवीन कौशिक को अच्छे से जानता है। जिसके बाद हरियाणा पुलिस के कर्मचारी ने सुनील से अपनी ट्रांसफर करवाने की बात कही तो सुनील ने ट्रांसफर करवाने के बदले 50 हजार रुपयों  की मांग की।

हरियाणा पुलिस के कर्मचारी ने 09 जुलाई 2025 को 50 हजार रुपयों में से 20 हजार रुपए सुनील के फोन-पे में ट्रांसफर कर दिए। हालांकि, सुनील ने इसकी ट्रांसफर नहीं कराई। फिर सुनील ने दिनांक 15 जुलाई 2025 को इसके पास एक फोन कॉल आई और फोन करने वाले ने खुद की पहचान केंद्रीय मंत्री का पीए नवीन कौशिक के रूप में कराते हुए इसको कहा कि तुम्हारी बदली हो जाएगी तुम बचे हुए रुपए सुनील को भेज दो। इसने उस फोन करने वाले व्यक्ति की आवाज पहचान ली जो सुनील की ही आवाज थी। सुनील ने खुद को केन्द्रीय मंत्री का PA बताकर ट्रांसफर कराने के नाम पर इसके साथ धोखाधड़ी करके ठगी की है।  इस शिकायत पर पुलिस थाना  सैक्टर 17/18, गुरुग्राम में सबन्धित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

10वीं पास है फर्जी पीए

वहीं पुलिस ने मामले पर तुरंत कार्रवाई करते हुए आज यानी 16 जुलाई को आरोपी को अरेस्ट कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान  सुनील कुमार के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 38 साल है और वह केवल 10वीं पास है। हरियाणा के गांव जैनाबाद जिला रेवाड़ी का रहने वाला है। 

आरोपी पर है 50 लाख रुपये का कर्ज

आरोपी से पुलिस पूछताछ में पता टला है कि सुनील पर 50 लाख रुपयों का कर्ज है, जिसके चलते सुनील ने बड़े अधिकारियों से जानकारी होने की बात बनाकर लोगों से पैसे अपने अकाउंट में ट्रांसफर कराता था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड भेज दिया गया है।