गुरु के चरणों में श्रद्धा ही जीवन का सच्चा पथ प्रदर्शक : डॉ. कमल गुप्ता
हिसार, 29 जुलाई । गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर पूर्व स्वास्थ्य एवं नागरिक उड्डयन मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने बगला रोड स्थित कपी शंकर धाम पहुंचकर परम पूज्य स्वामी चंद्र देव जी महाराज एवं पूज्या साध्वी सुजाता जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उनके साथ सुरेश गोयल धूप वाला,रामचन्द्र गुप्ता, भानु सिंगल, फूल सिंह सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने गुरुजनों के चरणों में नमन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा को नमन किया। इस अवसर पर साध्वी सुजाता जी ने अपनी मधुर एवं ओजस्वी वाणी से गुरु महिमा का विस्तारपूर्वक वर्णन करते हुए कहा कि गुरु के बिना ज्ञान, विवेक और आत्मोन्नति की कल्पना भी संभव नहीं है। गुरु पूर्णिमा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि गुरु के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और समर्पण व्यक्त करने का पावन अवसर है। उन्होंने कहा कि गुरु ही जीवन के अंधकार को दूर कर सत्य एवं धर्म के मार्ग का प्रकाश दिखाते हैं।
डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अपने गुरुजनों का आशीर्वाद अवश्य प्राप्त करना चाहिए। शिष्य का प्रथम कर्तव्य अपने गुरु के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता एवं सेवा भाव रखना है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद, महर्षि दयानंद सरस्वती तथा एकलव्य के प्रेरणादायी जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरु के प्रति समर्पण ही व्यक्ति को महानता के शिखर तक पहुंचाता है। इसके उपरांत डॉ. कमल गुप्ता सेक्टर-14 स्थित वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एस.के.
महाजन के निवास पर भी पहुंचे और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि मेडिकल शिक्षा के दौरान डॉ. महाजन, डॉ. कमल गुप्ता के आदरणीय शिक्षक रहे हैं। विदित रहें की डॉ. एस के महाजन नगर के प्रतिष्ठित चिकित्स्क अजय महाजन के पूज्य पिता हैं।इस भावपूर्ण अवसर ने गुरु-शिष्य संबंधों की अमर परंपरा को पुनः जीवंत कर दिया।
जारी कर्ता :
सुरेश गोयल धूप वाला