04 व 05 जुलाई को होने वाली एचटेट परीक्षा के लिए जिला प्रशासन की व्यापक तैयारियां पूरी
झज्जर, 03 जुलाई।
जिला में 14 सेंटर पर शनिवार 4 व रविवार 5 जुलाई को आयोजित होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। यह जानकारी डीसी वर्षा खांगवाल ने दी।
*परीक्षार्थियों की सहायता के लिए पूरी तरह सक्रिय रहेंगी डायल 112*
डीसी ने बताया कि यदि किसी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी भी प्रकार की समस्या आती है, जैसे परिवहन की दिक्कत, मार्ग संबंधी परेशानी, वाहन उपलब्ध न होना अथवा किसी अन्य आपात स्थिति का सामना करना पड़ता है, तो वह तत्काल डायल-112 सेवा पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकता है। डायल-112 की टीम परीक्षार्थियों की सहायता के लिए पूरी तरह सक्रिय रहेंगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में भी सहयोग करेंगी। इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम में स्थापित दूरभाष नंबर 01251-253711 भी सहायता एवं जानकारी के लिए उपलब्ध रहेगा।
*परीक्षा के लिए निर्धारित समय से पहले घर से निकलें अभ्यार्थी*
डीसी ने बताया कि परीक्षा के दौरान समय की महत्ता को देखते हुए अभ्यर्थी निर्धारित समय से पहले घर से निकलें और किसी भी आकस्मिक स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत डायल-112 पर संपर्क करें। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी अभ्यर्थी केवल परिवहन अथवा अन्य तकनीकी कारणों से परीक्षा से वंचित न रहे।
*परीक्षा केंद्रों पर पार्किंग, फर्स्ट एड और मूलभूत सुविधाओं के निर्देश*
डीसी ने बताया कि जिले में एचटेट परीक्षा के लिए कुल 14 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें 11 केंद्र झज्जर और 3 केंद्र बहादुरगढ़ में बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 8,649 परीक्षार्थियों के परीक्षा में शामिल होने की संभावना है। सभी केंद्रों पर फर्स्ट एड की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय तथा पार्किंग जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
*परीक्षार्थियों की सुविधा के मद्देनजर आवश्यकतानुसार रूटों पर अतिरिक्त बसों का हो संचालन*
डीसी ने बताया कि रोडवेज महाप्रबंधक को परीक्षार्थियों की सुविधा के मद्देनजर आवश्यकतानुसार विभिन्न रूटों पर अतिरिक्त बसों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आरटीए सचिव को परीक्षा केंद्रों तक सुगम आवागमन के लिए आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया है।
*एचटेट की तीनों स्तरों की निर्धारित कार्यक्रम अनुसार होंगी परीक्षाएं*
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि शनिवार 04 जुलाई को सायंकालीन सत्र में लेवल-3 की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी। वहीं 05 जुलाई को प्रातःकालीन सत्र में लेवल-2 की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक तथा सायंकालीन सत्र में लेवल-1 की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि लेवल-3 परीक्षा में 2,480, लेवल-2 परीक्षा में 4,352 तथा लेवल-1 परीक्षा में 1,817 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
*परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी, बायोमैट्रिक और वीडियोग्राफी से होगी निगरानी*
डीसी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, बायोमैट्रिक सत्यापन प्रणाली तथा वीडियोग्राफी सहित सभी तकनीकी व्यवस्थाएं पूरी की गई हैं। इसके साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात को सुचारु रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य एचटेट परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था के साथ संपन्न कराना है, ताकि सभी अभ्यर्थी निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा दे सकें।