{"vars":{"id": "128336:4984"}}

  बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अभी से शुरू करने के लिए किया प्रेरित

 

झज्जर, 16 जुलाई। डीसी वर्षा खांगवाल ने गुरुवार को गांव कबलाना स्थित शहीद सुरेंद्र कुमार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, पुस्तकालय तथा मिड डे मील व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस बीच स्कूल प्राचार्य अजय कुमार खोखर डीसी वर्षा खांगवाल को स्कूल की दैनिक गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि  विद्यार्थी माता पिता के बाद शिक्षक की बातें मानता है,ऐसे में शिक्षक विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान के साथ ही संस्कारवान बनाएं।
विद्यार्थियों को मेन्यू के अनुसार उपलब्ध कराएं मिड डे मील
 डीसी वर्षा खांगवाल ने विद्यालय में संचालित मिड डे मील का निरीक्षण करते हुए विद्यार्थियों से भोजन के स्वाद, गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्कूल प्राचार्य को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक, संतुलित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि भोजन तैयार करने और परोसने में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।
 डीसी ने अधिकारियों से भोजन तैयार करने में उपयोग किए जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जानकारी ली। रसोई परिसर में स्वच्छता के मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए।
विद्यार्थियों से की संवादात्मक चर्चा, सामान्य ज्ञान और विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे
निरीक्षण के दौरान डीसी वर्षा खांगवाल विभिन्न कक्षाओं में पहुंचीं और विद्यार्थियों से पढ़ाई तथा सह-शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से इतिहास, हड़प्पा सभ्यता, मानसून, डायमंड के उदाहरण सहित सामान्य ज्ञान और पाठ्यक्रम से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। पुस्तकालय में विद्यार्थियों के साथ सामान्य ज्ञान के विषयों पर चर्चा करते हुए उन्होंने उन्हें नियमित अध्ययन और पुस्तक पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अभी से शुरू करें विद्यार्थी
डीसी ने 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी अभी से शुरू करें। उन्होंने कहा कि समयबद्ध और योजनाबद्ध अध्ययन से विद्यार्थी अपने लक्ष्य को आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश
डीसी ने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने तथा मूलभूत सुविधाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कहा कि विद्यालयों का नियमित निरीक्षण किया जाए ताकि मिड डे मील सहित अन्य व्यवस्थाओं की सतत निगरानी बनी रहे। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा से जुड़े प्रत्येक पहलू पर गंभीरता से कार्य करना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
शिक्षकों की आवश्यकता अनुसार तैनाती के लिए बने टीचर डाटा बैंक
डीसी वर्षा खांगवाल ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जिला में शिक्षकों का एक समग्र डाटा बैंक तैयार किया जाए, ताकि आवश्यकता के अनुरूप शिक्षकों की रोटेशन आधार पर विभिन्न विद्यालयों में तैनाती सुनिश्चित की जा सके और शिक्षण कार्य प्रभावित न हो।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी रतिंद्र सिंह, डीपीसी अनिल शर्मा तथा शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।