ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार को मिलेगी नई गति, 1 जुलाई से बीपीओ जी राम योजना का होगा शुभारंभ
हिसार, 30 जून।
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी विकसित भारत ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका मिशन (बीपीओ जी राम) योजना का शुभारंभ 1 जुलाई 2026 से पूरे देश में किया जाएगा। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आजीविका का स्थायी आधार उपलब्ध कराना है।
यह जानकारी देते हुए डीआरडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं जिला परिषद सुभाष चंद्र ने बताया कि योजना के तहत पात्र परिवारों को प्रत्येक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों के रोजगार की गारंटी केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा दी जाएगी। इसके साथ ही प्रत्येक विकसित पंचायत के लिए वार्षिक पंचायत विकास योजना भी तैयार की जाएगी, जिसमें गांव की आवश्यकताओं एवं प्राथमिकताओं के अनुसार समावेशी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत 60 दिनों के कृषि कार्य का लाभ मजदूरों के साथ-साथ किसानों को भी मिलेगा। वहीं प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान की स्थिति में योजना के माध्यम से आवश्यक सहायता एवं राहत के लिए भी कदम उठाए जाएंगे, जिससे ग्रामीण नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। जिला प्रशासन द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए गांव-गांव में ग्राम सभाओं के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन का मानना है कि यह योजना विकसित पंचायतों के माध्यम से विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।