मतदाता पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने के निर्देश, भारत निर्वाचन आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा ने की समीक्षा
फरीदाबाद, 19 जून।
भारत निर्वाचन आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त संजय कुमार तथा हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास की संयुक्त अध्यक्षता में शुक्रवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा हेतु वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।
फरीदाबाद से जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा सहित जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) बैठक में उपस्थित रहे। बैठक के दौरान एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण, प्राप्ति तथा मतदाता सूची से संबंधित मैपिंग कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
उप निर्वाचन आयुक्त संजय कुमार एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने अभियान की प्रगति को और अधिक गति देने पर बल देते हुए अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण से जुड़े सभी कार्य मिशन मोड में संचालित किए जाएं तथा प्रत्येक स्तर पर नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
बैठक के उपरांत उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने जिले के सभी निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सुपरवाइजरों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ लगातार समन्वय बनाए रखें और एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण व संग्रहण कार्य में और तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के लिए माइक्रो प्लानिंग के तहत कार्य किया जाए तथा प्रतिदिन की उपलब्धियों की समीक्षा की जाए।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी फील्ड में सक्रिय रहकर कार्यों की निगरानी करें और किसी भी स्तर पर लंबित मामलों का तत्काल निपटान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्यों को पूर्ण करना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, एसडीएम फरीदाबाद हनी बंसल, सीईओ जिला परिषद् शिखा अंतिल, संपदा अधिकारी (एचएसवीपी) नवीन कुमार मौजूद रहे।