{"vars":{"id": "128336:4984"}}

  अवैध कॉलोनियों एवं निर्माणों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा :- उपायुक्त सचिन गुप्ता

 

रोहतक, 16 जुलाई। उपायुक्त  सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जिला में अवैध कॉलोनियों एवं अनधिकृत निर्माणों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई निरंतर जारी है। इसी कड़ी में आज स्थानीय जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) कार्यालय द्वारा रोहतक एवं सांपला नियंत्रित तथा शहरी क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों एवं निर्माणों के खिलाफ अभियान चलाया गया।
सचिन गुप्ता ने कहा कि अभियान के दौरान गांव गढ़ी सांपला में लगभग 1.25 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी, जिसमें डब्ल्यू बी एम रोड़ नेटवर्क तथा एक अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान जिला नगर योजनाकार कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन भविष्य में भी अवैध कॉलोनियों एवं अनधिकृत निर्माणों के विरुद्ध इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रखेगा। उन्होंने आमजन का आह्वïान किया है कि वे अपनी जीवनभर की पूंजी किसी भी अवैध कॉलोनी या अनधिकृत निर्माण परियोजना में निवेश न करें। उपायुक्त ने कहा कि किसी भी भूखंड, कॉलोनी अथवा संपत्ति में निवेश करने से पूर्व संबंधित परियोजना की वैधता की जानकारी जिला नगर योजनाकार कार्यालय से अवश्य प्राप्त करें। किसी भी कार्य दिवस पर कार्यालय में संपर्क कर आवश्यक जानकारी एवं सत्यापन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जागरूकता एवं सावधानी ही आमजन के हितों की सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है।