बिजली फाल्ट को स्वयं ठीक करने का न करें प्रयास
चंडीगढ़, 24 जुलाई - उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम किसानों व आम उपभोक्ताओं से अपील करता है कि वे बिजली की लाइनों, ट्रांसफार्मरों तथा अन्य विद्युत उपकरणों से स्वयं छेड़छाड़ न करें और न ही स्वयं ठीक करने की कोशिश करें। प्रायः यह देखने में आ रहा है कि किसान या आम उपभोक्ता स्वयं ही बिजली फॉल्ट को ठीक करने की कोशिश करते हैं तथा बिना किसी सुरक्षा को अपनाए बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मरों पर चढ़ने का प्रयास करते हैं। इससे लगातार बिजली सम्बंधित दुर्घटनाएं हो रही हैं।
यह जानकारी देते हुए बिजली निगम के प्रवक्ता ने किसानों व आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे स्वयं बिजली उपकरणों को ठीक करने से बचें तथा अपनी बिजली संबंधित शिकायतों को ऑनलाइन माध्यमों जैसे उतर हरियाणा बिजली वितरण निगम के समस्त ऐप, टोल फ्री नंबर 1912, 1800-180-1550 अथवा अपने नजदीकी बिजली कार्यालय में जाकर दर्ज ही करवाएं। निगम के कर्मचारी तकनीकी रूप से सक्षम होते हैं और उन्हें इस प्रकार के कार्यों के लिए विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाता है।
इस सन्दर्भ में बिजली निगम आम जनता से सहयोग की अपील करता है कि वे स्वयं जोखिम उठाने के बजाय निर्धारित माध्यमों से ही शिकायतें दर्ज कराएं, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।