हरियाणा प्रशासन में महिला अफसरों का दबदबा, 7 जिलों की कमान संभाल रही हैं महिला IAS अधिकारी
चंडीगढ़: हरियाणा में महिला सशक्तिकरण का बड़ा उदाहरण देखने को मिला है। प्रशासनिक व्यवस्था में एक ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला है जो सराहनीय है। हरियाणा राज्य के गठन के बाद पहली बार एक साथ 7 महिला आईएएस अधिकारी को अलग-अलग जिलों में डिप्टी कमिश्नर (DC) के रुप में तैनात किया गया है। ये अधिकारी अपनी जिम्मेदारियां बहुत अच्छे से संभाल रही हैं। इसे प्रशासनिक क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व क्षमता का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।
23 जिलों में से 7 जिलों की कमान महिला अधिकारियों के हाथों में
हाल ही में हरियाणा सरकार द्वारा किए गए प्रशासनिक फेरबदल में दो और महिला अधिकारियों को जिला उपायुक्त के रूप में नियुक्त किया गया है। इसके बाद प्रदेश के 23 जिलों में से 7 जिलों की कमान महिला अधिकारियों के हाथों में आ गई है। प्रशासनिक विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव शासन व्यवस्था में महिलाओं के बढ़ते प्रभाव और सशक्त नेतृत्व का प्रतीक है। प्रशासनिक अधिकारियों का ऐसा मानना है कि ये बदलाव शासन व्यवस्था में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को दिखाता है। प्रदेश में महिला अधिकारियों की बढ़ती भागीदारी प्रशासनिक क्षेत्र में नई मिसाल पेश कर रही है।
महिला अधिकारियों की मौजूदगी में लड़कियों की शिक्षा और करियर में आगे बढ़ने में मिलेगी प्रेरणा
हाल ही में मनदीप कौर को चरखी दादरी और डॉ. वैशाली शर्मा को जींद का डिप्टी कमिश्नर नियुक्त किया है। दोनों अधिकारी प्रशासनिक अनुभव और नेतृत्व क्षमता के लिए जानी जाती हैं। मनदीप कौर का कहना है कि महिला अधिकारियों की मौजूदगी लड़कियों को शिक्षा और करियर में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।
आपको बता दें कि हरियाणा में यमुनानगर, सोनीपत, कैथल, महेंद्रगढ़-नारनौल समेत कई जिलों में महिला डिप्टी कमिश्नर प्रशासनिक जिम्मेदारी संभाल रही हैं। इन अधिकारियों ने पहले भी अलग-अलग जिलों में अहम पदों पर काम करते हुए प्रशासनिक अनुभव हासिल किया है।