मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक 19 को
सिरसा, 17 जून।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में 19 जून को सुबह 9 बजे पंचायत भवन, बरनाला रोड, सिरसा में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में जिले से संबंधित विभिन्न जनसमस्याओं, शिकायतों और लंबित परिवादों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
जिला प्रशासन की ओर से सभी विभागाध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों को बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को अपने-अपने विभागों से जुड़े मामलों की पूरी तैयारी के साथ पहुंचने को कहा गया है, ताकि आमजन द्वारा उठाए गए मुद्दों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा भी करेंगे और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगे। साथ ही जनता से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता लाने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक को आमजन की समस्याओं के समाधान का एक प्रभावी मंच माना जाता है, जहां लोगों की शिकायतों पर सीधे सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं। इस बैठक को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।