जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया ने किया जिला कारागार का निरीक्षण
रोहतक, 15 जुलाई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया ने बुधवार को जिला कारागार, रोहतक का निरीक्षण किया। इस दौरान उपायुक्त सचिन गुप्ता, पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ. तरन्नुम खान भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया ने कारागार में निरुद्ध कैदियों एवं बंदियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उनके मुकदमों की वर्तमान स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बंदियों से विधिक सहायता की उपलब्धता तथा अधिवक्ता संबंधी जानकारी भी ली। अजय तेवतिया ने कहा कि प्रत्येक पात्र बंदी को विधिक सहायता उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिन बंदियों को विधिक सहायता की आवश्यकता है, उन्हें नि:शुल्क विधिक सेवाओं के बारे में आवश्यक जानकारी देने तथा नियमानुसार सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कारागार परिसर में बंदियों के लिए उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बंदियों के कल्याण, उनके अधिकारों के संरक्षण तथा आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कारागार परिसर में किया पौधारोपण :-
इस अवसर पर हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला द्वारा चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान के तहत जिला कारागार परिसर में पौधारोपण भी किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया ने पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर बल देते हुए कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करना भी जरूरी है। पौधारोपण से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और भावी पीढिय़ों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण प्रदान करने में सहायता मिलती है। निरीक्षण एवं पौधारोपण कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों के कल्याण एवं अधिकारों के संरक्षण, विधिक सेवाओं के प्रति जागरूकता तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना रहा।
इस अवसर पर उपायुक्त सचिन गुप्ता, पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ. तरन्नुम खान, जिला जेल अधीक्षक राय साहब तथा जिला कारागार के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद