{"vars":{"id": "128336:4984"}}

    समाधान शिविर में उपायुक्त महेंद्र पाल ने नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश

 

हिसार, 22 जून।
प्रदेश सरकार द्वारा आमजन की शिकायतों और समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु संचालित समाधान शिविर में सोमवार को उपायुक्त महेंद्र पाल ने नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की।
शिविर में गांव लाडवा निवासी अनिल कुमार द्वारा बिजली के खंबे टूटने से ट्यूबवेल न चलने संबंधी शिकायत पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को प्रार्थी की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
जवाहर नगर निवासी पुष्पा रानी द्वारा गलियों में बरसात पानी की निकासी की मांग पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने नगर निगम के अधिकारियों को मौका मुआयना कर समस्या का स्थाई समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार गांव आर्यनगर निवासी बलजीत सिंह ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा अनियमितता करने संबंधी शिकायत पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने जिला परिषद सीईओ को मामले की जांच कर विभागीय कार्यवाही करने की हिदायत दी।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, एसडीएम ज्योति मित्तल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार, जिला परिषद सीईओ सुभाष चंद्र, राजस्व अधिकारी उपस्थिति रहे।