{"vars":{"id": "128336:4984"}}

सफाई कर्मचारियों और फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की मांगें पूरी तरह से जायज: चौधरी अभय सिंह चौटाला

 बीजेपी सरकार न केवल किसान और मजदूर विरोधी है, बल्कि दलित विरोधी भी है
 

चंडीगढ़, 7 मई। इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने पूरे प्रदेश में सफाई कर्मचारियों एवं फायर ब्रिगेड कर्मचारियों द्वारा अपनी मांगों को पूरी करवाने के लिए की जा रही हड़ताल पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सफाई कर्मचारियों एवं फायर ब्रिगेड कर्मचारियों द्वारा अपनी मांगों को लेकर की जा रही हड़ताल का इनेलो पार्टी पूरी तरह से समर्थन करती है।

सफाई कर्मचारियों की कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, खाली पड़े पदों को भरने, न्यूनतम वेतन बढ़ाने और ठेका प्रथा खत्म करने जैसी कई मांगें हैं जो पूरी तरह से जायज हैं। वहीं फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों की गाडिय़ों पर रोडवेज के ड्राईवरों की जगह नियमित ट्रेनिंग प्राप्त ड्राईवर रखने और आग बुझाने के लिए अप्रशिक्षित होमगार्ड की जगह प्रशिक्षण प्राप्त लोगों की नियमित भर्ती करने की मांग भी पूरी तरह से जायज है।


अभय सिंह चौटाला ने कहा कि बीजेपी सरकार के इशारे पर अधिकारी हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों के साथ दुर्रव्यवहार कर रहे हैं। ताकि शांतिपूर्ण किए जा रहे आंदोलन को भडक़ा कर बदनाम किया जा सके। इस हरकत की जितनी निंदा की जाए उतनी कम है। सरकार ने मांगे न मान कर प्रदेश के सफाई कर्मचारियों को हड़ताल करने के लिए मजबूर किया है। बीजेपी सरकार न केवल किसान और मजदूर विरोधी है बल्कि दलित विरोधी भी है।

हड़ताल के कारण पूरे प्रदेश की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। लोग कूड़े का उठान न होने के कारण बेहद परेशान हैं। लेकिन बीजेपी सरकार अंधी, गूंगी और बहरी बनी बैठी तमाशा देख रही है। बीजेपी सरकार को न तो जनता के स्वास्थ्य की चिंता है और न ही गर्मी के सीजन में आए दिन हो रही आगजनी की घटनाओं से प्रदेश की जनता को हो रहे नुकसान की फिक्र है।