Haryana News: हरियाणा के जींद से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां हिंदू मैरिज एक्ट में बदलाव और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सरपंच एसोसिएशन ने प्रदेश स्तर पर अभियान चलाने का फैसला लिया है।
इन मुद्दों पर किया जाएगा विचार
इसके लिए उचाना में 22 जून को समाज बचाओ महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। महापंचायत में हिंदू मैरिज एक्ट में बदलाव, लिव इन रिलेशनशिप, इंटरनेट मीडिया पर बढ़ती फुहड़ता, युवा पीढ़ी में बढ़ते पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव को रोकने के लिए विचार किया जाएगा।
महापंचायत में प्रदेशभर के सरपंचों लेंगे हिस्सा
इस महापंचायत में शामिल होने के लिए प्रदेशभर के सरपंचों को गांव-गांव जाकर निमंत्रण दिए जा रहे हैं। वकीलों का एक पैनल तैयार किया गया है, जो महापंचायत में हिंदू मैरिज एक्ट, लिव इन रिलेशनशिप जैसे मामलों में अपनी कानूनी राय देगा।
लिव इन का प्रचलन काफी बढ़ रहा
यह महापंचायत नस्ल बचाने के लिए 36 बिरादरी का एकजुट करने के लिए की जा रही है। आज की युवा गांव, गुहांड में शादी कर रहे हैं। लिव इन रिलेशनशिप का प्रचलन भी काफी बढ़ रहा है। इससे समाज का ताना-बाना बिगड़ रहा है। इससे परिवारों में आपसी रंजिश बढ़ने के कारण समाज में अपराध को भी बढ़ावा मिल रहा है। रणबीर समैन ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी द्वारा इंटरनेट मीडिया पर फुहड़पन का प्रचलन बढ़ रहा है। इससे आने वाली पीढ़ी संस्कारहीन होगी। अगर आने वाली अपनी नस्ल को बचाना है, तो 36 बिरादरी को एकजुट होना पड़ेगा।