डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों के साथ बाढ़ नियंत्रण प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा
झज्जर, 25 जून। डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि बाढ़ प्रबंधन केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं बल्कि सभी संबंधित विभागों के सामूहिक प्रयासों से ही प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकता है। ऐसे में संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
डीसी गुरुवार को हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी से वीसी उपरांत
जिला में मानसून पूर्व तैयारियों, बाढ़ प्रबंधन व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा कर रही थीं।
इस दौरान डीसी ने जिला में चल रहे वाणिज्यिक संस्थानों में जरूरी मानकों की पालना सुनिश्चित करने संबंधी ज़रूरी निर्देश दिए।
ड्रेनों, नालों और जल निकासी मार्गों की सफाई के लिए डेडलाइन तय हो
डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसाती सीजन से पहले सभी ड्रेनों, नालों और जल निकासी मार्गों की सफाई सुनिश्चित की जाए तथा बाढ़ संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की आपदा या जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
डीसी ने सिंचाई विभाग को ड्रेनों, माइनरों और नहरों की सफाई कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पूर्व वर्षों में जलभराव या बाढ़ जैसी स्थिति बनी थी, वहां विशेष फोकस किया जाए और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पंपिंग सेट एवं मशीनरी उपलब्ध रखी जाए। नगर निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम, राहत एवं बचाव उपकरण, नावों, जनरेटरों तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की समय रहते जांच कर ली जाए।
उन्होंने कहा कि संवेदनशील गांवों और शहरी क्षेत्रों की सूची को अपडेट किया जाए तथा वहां नियमित निरीक्षण कर संभावित जोखिम वाले स्थानों की पहचान की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य मानसून के दौरान जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाना है।
यह अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, डीएमसी अभिनव सिवाच, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, एसडीएम बादली विशाल कुमार,सीटीएम रितु के अलावा जनस्वास्थ्य, सिंचाई, लोक निर्माण सहित सम्बंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।