*डीसी वर्षा खांगवाल ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त प्रपत्रों का तुरंत डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने के निर्देश*
झज्जर, 18 जुलाई*
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत भले ही गणना प्रपत्र जमा कराने की अंतिम तिथि 24 जुलाई निर्धारित की गई है मगर शेष बचे मतदाता को इस तिथि का इंतजार नहीं करना है और तुरंत बीएलओ द्वारा दिए गए गणना प्रपत्र को भरकर बीएलओ को दें। यह आह्वान डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने जिला के मतदाताओं से किया है।
डीसी ने जिला के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं अथवा ऑनलाइन माध्यम से स्वयं भरकर प्रक्रिया पूरी करें, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा हो सके।
*समय पर गणना प्रपत्र जमा करना प्रत्येक मतदाता की जिम्मेदारी*
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि गणना प्रपत्र प्राप्त होते ही उनका तत्काल डिजिटाइजेशन किया जाएगा, जिससे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया का आधार है, इसलिए प्रत्येक पात्र मतदाता की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
*ऑनलाइन सुविधा से घर बैठे करें गणना प्रपत्र जमा*
डीसी ने बताया कि झज्जर जिला के चारों विधानसभा क्षेत्रों बेरी, बहादुरगढ़, बादली और झज्जर के सक्षम मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जाकर स्वयं ऑनलाइन गणना प्रपत्र भर सकते हैं। ऑनलाइन सुविधा अपनाने से समय की बचत होगी और प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी अधिक तेजी से संभव होगा।
*प्राप्त सभी प्रपत्रों का तुरंत डिजिटाइजेशन करें बीएलओ*
डीसी वर्षा खांगवाल ने निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त होने वाले सभी गणना प्रपत्रों का तत्काल डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए। जिन मतदाताओं के प्रपत्र प्राप्त नहीं हो रहे हैं, उनके संबंध में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक टिप्पणी दर्ज की जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न हो।
डीसी ने कहा कि जिला के जिन मतदाताओं ने अभी तक गणना प्रपत्र जमा नहीं कराए हैं वे मतदाता अंतिम तिथि का इंतजार ना करते हुए बिना विलंब किए अपना गणना प्रपत्र भरें और अपने मतदान के अधिकार को सुरक्षित रखने में सहयोग करें। उन्होंने नागरिकों से निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण अभियान में बढ़-चढक़र भागीदारी निभाने की अपील की।
-----------------