{"vars":{"id": "128336:4984"}}

  डीसी साहिल गुप्ता ने विभिन्न विकास कार्यों एवं जनसेवा योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

 

भिवानी, 29 जुलाई/ डीसी साहिल गुप्ता ने बुधवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी (सीएमजीजीए) बैठक में लिए गए निर्णयों एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, जल प्रबंधन, मानव संसाधन, स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

डीसी ने स्वास्थ्य विभाग को चौधरी बंसीलाल राजकीय सामान्य अस्पताल एवं पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज में चिकित्सीय सुविधाओं को और सुदृढ़ करने, आयुष्मान भारत योजना का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने, अस्पतालों में आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने शिक्षा विभाग को सरकारी स्कूलों में मरम्मत कार्यों में तेजी लाने, जर्जर भवनों की स्थिति सुधारने, मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने तथा विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को सभी सरकारी स्कूलों में पेयजल के नमूनों की नियमित जांच करवाकर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
बैठक में जल प्रबंधन से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अमृत सरोवरों के रखरखाव, वर्षा जल संचयन, जलभराव वाले क्षेत्रों की निगरानी, पेयजल गुणवत्ता की नियमित जांच तथा नहर आधारित जल परियोजनाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्वच्छता, ई-ऑफिस प्रणाली, सीएफएमएस लंबित मामलों के निस्तारण एवं पौधारोपण अभियान की भी समीक्षा की गई।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त दीपक बाबूलाल करवा, सीएमजीजीए ऋषभ रंजन, जिला परिषद के डिप्टी रविंद्र दलाल, सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर शांडिल्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।